बुधवार, 24 मार्च 2010

101 जोड़ों के चेहरे चमके

दुर्ग, 24 मार्च। आर्थिक रुप से कमजोर नगर निगम क्षेत्र के सौ से अधिक जोड़े आज अग्रसेन चौक स्थित इंद्रलोक मांगलिक भवन में परिणय सूत्र में बंधे। जोड़ों के विवाह उपरांत जहां उनके अभिभावकों की चिंताए दूर हुई वहीं जोड़ा के खुशियों का ठिकाना नहीं रहा। जोड़ों की यह खुशियां मुख्यमंत्री कन्यादान योजनांतर्गत साकार हुई। जिसमें महिला एवं बाल विकास विभाग की भूमिका अहम रही। जोड़ों को सुखी गृहस्थी के लिए विभाग द्वारा सोने-चांदी के जेवरात समेत करीब 5 हजार रुपए कीमत के गृहस्थ के जरुरी सामान भेंट किए गए। सामूहिक विवाह में आज करीब 101 जोड़ो का विधिवत गायत्री मंत्र से विवाह हुआ। जिसमें एक मुस्लिम जोड़ा भी शामिल हैं। सामूहिक विवाह में नवविवाहित जोड़ों के साथ आए लोगों के लिए महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा भोजन समेत अन्य जरुरी व्यवस्थाएं की थी। 101 जोड़ों का एक साथ विवाह होने से इंद्रलोक परिसर के आसपास मेला जैसा माहौल था।
नवविवाहित जोड़ों को शुभकामनाएं देने केबिनेट मंत्री हेमचंद यादव,कलेक्टर ठाकुर रामसिंह एवं अन्य जनप्रतिनिधि इंद्रलोक मांगलिक भवन पहुंचे थे। इस दौरान केबिनेट मंत्री हेमचंद यादव ने नवविवाहित जोड़ो को अपने हाथों से सोने-चांदी के जेवरात व अन्य सामान भेंट की। इस अवसर पर केबिनेट मंत्री श्री यादव ने कहा कि मुख्यमंत्री कन्यादान योजना राज्य सरकार की एक अभिनव पहल हैं। अर्थ के अभाव में विवाह योग्य युवक-युवती के अभिभावक अपने बच्चों का शादी कराने की स्थिति में नहीं होते। यह योजना ऐसे अभिभावकों के लिए वरदान हैं। सरकार की इस योजना का राज्य में ही नहीं पूरे देश में सराहना हो रही हंै। आदर्श विवाह पर बल देते हुए केबिनेट मंत्री श्री यादव ने कहा कि खर्चीले शादी का समाज में विरोध होना चाहिए। आदर्श विवाह के लिए समाज के आर्थिक रुप से मजबूत लोगों को सामने आना चाहिए। क्योंकि आर्थिक रुप से मजबूत लोग इस पुनीत कार्य में सामने आयेंगे तो वे समाज के लिए आदर्श बनेंगे। श्री यादव ने इस अवसर पर नवविवाहित जोड़ों को सुखी जीवन की मंगलमय शुभकामनाएं दी।
महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा मुख्यमंत्री कन्या दान योजना अंतर्गत आज अग्रसेन चौक स्थित इंद्रलोक मांगलिक भवन में सामूहिक विवाह का आयोजन किया गया। 111 जोड़ों के विवाह का लक्ष्य था। सामूहिक विवाह में 101 जोड़े शामिल होकर परिणय सूत्र में बंधे। महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा नवविवाहित जोड़ों को गृहस्थ के जरुरी सामान भेंट किए गए। सामूहिक विवाह के दौरान व्यवस्था बनाने में महिला एवं बाल विकास विभाग अधिकारी प्रियंका ठाकुर,भाजपा नेत्री चंद्रिका चंद्राकर समेत अन्य महिलाएं सक्रिय थी।

०००

ताले में शौच लगाकर गहने लूटे

दुर्ग, 24 मार्च। सोने-चांदी का फुटकर काम करने वाले एक लघु व्यापारी से योजनाबद्ध तरीके से गहनों की लूट हो गई। घटना पुलगांव थानांतर्गत ग्राम नगपुरा की है। सूचना मिलने के बाद पुलिस ने क्षेत्र में नाकेबंदी करवाई, किन्तु आरोपी पकड़ में नहीं आ सके।
पुलगांव थाना प्रभारी एसआर पठारे ने बताया कि मूल रूप से परसदा निवासी दीनदयाल देवांगन (40) वर्तमान में नगपुरा में किराए के मकान में रहता है। वह छोटे स्तर पर सोने-चांदी की खरीदी-बिक्री का काम करता है। यदा-कदा वह अपनी मोटर साइकिल से फेरी लगाकर भी खरीदी-बिक्री करता है। कल सुबह उसके घर के दरवाजे पर लगे ताले पर किसी ने शौच लगा दिया था। कल तो उसने गंदगी को साफ कर ताला खोल लिया, किन्तु आज फिर दरवाजे के ताले पर शौच लगा देखकर वह वहीं खड़ा हो गया। सोने-चांदी का थैला उसने अपनी दुपहिया पर रख दिया। इसी दौरान लाल रंग की कमी•ा पहने एक युवक आया और रोज-रोज कौन शौच लगा रहा है, कहकर उसने दीनदयाल देवांगन का ध्यान बंटाने का प्रयास किया। अभी इन दोनों में बातचीत चल ही रही थी कि अचानक लाल रंग की पल्सर में सवार दो युवक वहां पहुंचे और पलक झपकते ही सोने-चांदी वाला थैला लेकर फरार हो गए।
दीनदयाल देवांगन को जब तक पूरा माजरा समझ आता, तब तक पल्सर सवार नौ-दो ग्यारह हो चुके थे। श्री पठारे ने बताया कि दोनों युवकों की उम्र 15-16 साल के आसपास है। बैग में रखे सोने-चांदी की कीमत पुलिस ने 50 हजार बताई है, लेकिन प्रार्थी दीनदयाल के मुताबिक, उसके थैले में करीब डेढ़ लाख के जेवरात थे।
उठाईगिरी की घटना आज सुबह करीब साढ़े 10 बजे घटित हुई। इसकी सूचना देवांगन ने तत्काल पुलगांव थाने में दी, जिसके बाद तत्काल नाकेबंदी भी करवाई गई, किन्तु आरोपियों का पता नहीं चल पाया। पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ भादवि की धारा 379 के तहत अपराध पंजीबद्ध किया है। आरोपी युवकों की तलाश जारी है।

००००

लू के आसार पारा और चढ़ा

दुर्ग, 24 मार्च। मार्च महीने के अंतिम सप्ताह में गर्मी का कहर लगातार जारी है। उत्तर-पश्चिमी हवाओं के असर से पूरे प्रदेश में तापमान लगातार बढ़ता जा रहा है। दुर्ग में तो तापमान 42 डिग्री से भी पार हो गया है। तापमान के लगातार बढऩे से लोगों को बेचैनी महसूस होने लगी है। दोपहर होते ही गर्म हवाएं लोगों को झुलसाने लगती है। प्रदेश में लू के आसार नजर आने लगे है। भीषण गर्मी के प्रकोप से बचने लोग दोपहर में घर से बाहर निकलने भी कतराने लगे है। मौसम विभाग से मिली जानकारी के अनुसार एक-दो दिनों में तापमान कुछ कम हो सकता है।

००००

ट्रेनें आज भी प्रभावित रही

दुर्ग, 24 मार्च। दक्षिण पूर्वी रेलवे चक्रधरपुर मंडल पर स्थित बंडामुड़ा-विसरा के मध्य बीती रात हुए बम विस्फोट के कारण आज भी ट्रेनों प्रभावित रहीं। जानकारी के मुताबिक, प्रभावित ट्रेनों में 2130 हावड़ा पुणे आजाद हिंद एक्सप्रेस, 2102 हावड़ा कुर्ला ज्ञानेश्वरी एक्सप्रेस एवं 2834 हावड़ा अहमदाबाद एक्सप्रेस अपने निर्धारित समय से एक घंटे विलंब से चल रही है, वहीं 328 इतवारी टाटा पैसेंजर को आज भी रद्द रखा गया। उल्लेखनीय है कि कल भी कई ट्रेनें नक्सली आतंक के चलते प्रभावित रही थीं।

०००

सड़क हादसे में युवक की मौत

भिलाई, 24 मार्च। चरोदा स्थित देवबलौदा मंदिर से देवी दर्शन कर लौट रहे एक युवक की कल रात्रि सड़क दुर्घटना में मौत हो गई। मृतक भाजपा के वरिष्ठ उपाध्यक्ष तेजबहादुर सिंह का छोटा भाई था।
पुलिस के मुताबिक, कैलाश नगर हाउसिंग बोर्ड निवासी गोविंद बहादुर (40) नवरात्रि प्रारम्भ होने के बाद से रोजाना चरोदा स्थित देवबलौदा मंदिर जाता था। कल शाम भी वह अपनी दुपहिया में मंदिर गया था। वहां से लौटते वक्त खुर्सीपार तिहारे के पास ट्रक क्रं. सीजी 04, 6462 ने उसे अपनी चपेट में ले लिया। दुर्घटना में गोविंद की मौत हो गई। पुलिस ने मर्ग कायम कर लिया है।

०००

दुर्ग-दल्ली लोकल रद्द रही

दुर्ग, 24 मार्च। दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे से संचालित पांच डीडीएम एवं छह डीडीएम दुर्ग-दल्लीराजहरा दुर्ग के बीच संचालित लोकल तकनीकी कारणों के चलते आज रद्द रही। दुर्ग से दल्ली राजहरा के बीच चलने वाली इस लोकल ट्रेन में अचानक आई खराब के कारण रेल मंडल ने आज ट्रेन को रद्द करने की घोषणा की है। गौरतलब है कि इससे पूर्व भी 16 मार्च को इस ट्रेन में तकनीकी रूप से बड़ी खराबी आ गई थी, जिसके चलते रेल मंडल ने इसकी खराबी दूर करने के लिए 18 मार्च तक ट्रेन को रद्द किया था। ट्रेन के बार-बार रद्द होने से यात्रियों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।

०००

सांई द्वार का लोकार्पण कल
दुर्ग, 24 मार्च। कसारीडीह सिविल लाईन स्थित नवनिर्मित 'सांई द्वारÓ का कल 25 मार्च को संध्या 4 बजे लोकार्पण होगा। इस अवसर पर कार्यक्रम में मुख्य अतिथि पूर्व विधायक अरुण वोरा होंगे। कार्यक्रम में कांग्रेस नेता घनाराम साहू,वार्ड पार्षद अलताफ अहमद समेत अन्य नेता भी मौजूद रहेंगे। कसारीडीह में प्रसिद्ध श्री सांई बाबा का मंदिर हैं। सांई द्वार मंदिर पहुंचने का प्रमुख मार्ग हैं। मंदिर समिति की मांगो पर सांई द्वार का निर्माण राज्य सभा सदस्य मोतीलाल वोरा की सांसद निधि से पूर्ण हुआ हैं। सांई द्वार बनने से क्षेत्र के लोगों में हर्ष हैं।

०००

जुआरियों से नगद व 9 मोटरसायकलें जप्त

दुर्ग, 24 मार्च। पुलगांव थानांतर्गत ग्राम गनियारी व बोरई के बीच स्थित एक खेत में बीती रात छापामारकर पुलिस ने 5 जुआरियों को रंगेहाथों धरदबोचा। जुआरियों के कब्जे से पुलिस ने 73सौ रुपए नगद,9 मोटर सायकल व ताश के बावनपत्ते जप्त किए हैं। पकड़े गए जुआंरियों में राजेश श्रीवास्तव,रितेश राव,ऋषि वासनिक,कृष्णा राव, वी. वेंकटराव शामिल हैं। सभी आरोपी खुर्सीपार क्षेत्र के निवासी हैं। पुलगांव थाना पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ जुआ एक्ट के तहत कार्यवाही की हैं। पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक बीती रात खुर्सीपार क्षेत्र से ग्राम गनियारी व बोरई के बीच स्थित एक खेत में पहुंचकर 5 युवक जुआं खेल रहे थे। इसकी खबर पुलिस को मुखबीर से मिली। सूचना पर पुलगांव पुलिस ने बीती रात 9 बजे तत्काल मौके पर दबिश दी। पुलिस को देखकर जुआंरी भागने लगे। जिन्हे पुलिस की टीम ने दौड़ाकर पकड़ा। जुआंरी के कब्जे से नगदी रकम, मोटर सायकलें व ताश के पत्ते जप्त किया हंै।

०००

गड्ढे में गिरकर युवक घायल

भिलाई, 24 मार्च। साक्षरता चौंक के पास पुलिस निर्माण के लिए खोदे गए गड्ढे में गिरकर एक दुपहिया सवाल युवक घायल हो गया। उसे स्थानीय लोगों की मदद से बाहर निकाला गया। जानकारी के मुताबिक, साक्षरता चौंक के पास पुलिया के निर्माण के लिए गड्ढा खोदा गया है। इस गड्ढे में गिरकर अब तक दर्जनों लोग घायल हो चुके हैं। बताया जाता है कि शाम गहराते ही यहां अंधेरा छा जाता है और नजर नहीं आने की वजह से राहगीर गड्ढे में जा गिरते हैं। कल रात्रि नवीन तुलकर पिता एसपी तुलकर अपनी बाइक समेत इस गड्ढे में जा गिरा। उसे चेहरे, हाथ और पैर समेत शरीर के अन्य हिस्सों में चोंटे आई। आसपास के लोगों ने उसे गड्ढे से बाहर निकाला। रोजाना हो रही इस तरह की घटनाओं से क्षेत्र के लोगों में पार्षद और नगर निगम के प्रति आक्रोश है। बताया जाता है कि गड्ढा पाटे जाने से जवाहर नगर, तीन दर्शन मंदिर और मुक्ति मार्ग के लिए लोगों को सहूलियत होगी।

००००

रामनवमीं पर निकली शोभायात्रा
ज्योति कलश व जंवारा का हुआ विसर्जन


दुर्ग, 24 मार्च। चैत्र नवरात्रि पर्व के 9वें और अंतिम दिन आज देवी मंदिरों में सुबह से ही भक्तों का तांता लगा रहा। सभी देवी मंदिरों में भक्तों ने आज नवरात्रि के अंतिम दिन मां दुर्गा की पूजा-अर्चना की। प्रात: 10 बजे से ज्योति कलशों और जंवारा के विसर्जन का सिलसिला शुरू हुआ जो दोपहर बाद तक चलता रहा। तुम खेलव दुलरवा रन बन, रन बन हो की गूंज के बीच विभिन्न जस मंडलियों द्वारा जसगीत और माता सेवा की गई। महिलाओं ने ज्योति कलश और जंवारा लेकर कतार में भव्य शोभायात्रा निकाली। जिसके चलते शहर में जगह-जगह यातायात बाधित हुआ। आज रामनवमीं पर्व पर राममंदिरों में रामायण पाठ और भजन-कीर्तन का आयोजन किया गया। रामायण पाठ और भजन का कार्यक्रम भी आयोजित किया गया। दोपहर बाद भण्डारे भी हुआ। रामनवमीं उत्सव समिति द्वारा स्टेशन चौंक स्थित आमदी मंदिर से भगवान राम की भव्य शोभायात्रा निकाली गई। एक भव्य रथ पर भगवान राम, सीता एवं पवनपुत्र हनुमान की प्रतिमाएं विराजमान थीं। शोभायात्रा के साथ सैकड़ों भक्त चल रहे थे। शोभायात्रा के लिहाज से विभिन्न संगठनों ने स्टेशन रोड़ में जगह जगह स्वागत द्वार लगाए थे। जहां शोभायात्रा के पहुंचने पर रामभक्तों ने शोभायात्रा का भव्य स्वागत किया। इस दौरान रामभक्त बैंड व डीजे की धुन पर नाचते-गाते रहे। पूरी शोभायात्रा के दौरान मर्यादा पुरूषोत्तम राम के जयकारे गूंजते रहे। शोभायात्रा का समापन शाम 6 बजे पुराना बस स्टैंड में होगा, जहां हजारों की संख्या में मौजूद रामभक्त एक साथ महाआरती करेंगे। महाआरती के बाद प्रख्यात भजन सम्राट प्रभंजय चतुर्वेदी अपने भजनों के माध्यम से भक्तों को मंत्रमुग्ध करेंगे।

०००

गरीब बच्चों के सहायतार्थ नृत्य महोत्सव 13 से

भिलाई, 24 मार्च। गरीब और अनाथ बच्चों के सहायतार्थ झनकार नृत्य शिक्षा महिला कला समिति दुर्ग द्वारा आगामी 13 और 14 अप्रैल को नृत्य, ड्राइंग एवं रंगोली स्पर्धा का आयोजन किया जा रहा है। यह आयोजन दो आयु वर्गों में होगा और इसके जरिए प्राप्त होने वाली राशि गरीब व अनाथ बच्चोंके साथ ही बेसहारा महिलाओं के लिए खर्च की जाएगी। झनकार नृत्य शिक्षा महिला कला समिति दुर्ग की सदस्य व भाजपा नेत्री अनिता अग्रवाल ने उक्त जानकारी दी। श्रीमती अग्रवाल ने बताया कि आगामी 13 व 14 अप्रैल को सिविक सेंटर स्थित कला मंदिर में नृत्य नटराज कला महोत्सव का आयोजन किया जा रहा है। इसके तहत रंगोली, ड्राइंग और नृत्य स्पर्धा (एकल व संयुक्त) का आयोजन किया जाएगा। इसके लिए दो आयु वर्ग रखे गए हैं। पहले वर्ग में 4 से 14 वर्ष तक के बच्चे भागीदारी कर सकेंगे। जबकि दूसरे वर्ग में 15 से 25 वर्ष तक के किशोर व युवा शामिल होंगे। श्रीमती अग्रवाल ने बताया कि इस आयोजन से जो राशि प्राप्त होगी, उसे गरीब, अनाथ बच्चों व बेसहारा महिलाओं के लिए खर्च किया जाएगा। श्रीमती अग्रवाल ने बताया कि आयोजन की तैयारियां प्रारम्भ हो गई है। वशिष्ठ सोनी व ज्योति भूवाल नामक बच्चे इसके लिए विशेष सहयोग कर रहे हैं। इनके अलावा समिति के रत्ना नारमदेव, श्रीमती आरपी शर्मा एवं मुमताज कुरैशी भी आयोजन को सफल बनाने में जुटे हैं।

०००

सिंचाई लिपिक के घर हजारों की चोरी

दुर्ग, 24 मार्च। जवाहर नगर क्वार्टर नं.एच एन 306 निवासी कांशीराम मढ़रिया 50 वर्ष पिता खोमलाल केे निवास पर अज्ञात चोर ने हाथ साफ कर दिया। घटना के समय घर सूना था। जिससे चोर ने वारदात को इत्मिनान से अंजाम दी। वारदात में चोर अपने साथ सोने-चांदी के जेवरात, एक मिक्सी व एक रसोई गैस ले गया। चोरी गई संपत्ति की कुल कीमत 7 हजार रुपए आंकी गई हैं।
पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक प्रार्थी कांशीराम मढ़रिया सिंचाई विभाग कवर्धा में लिपिक हैं। कांशीराम सपरिवार 16 से 22 मार्च के बीच कवर्धा गया हुआ था। इस दौरान घर सूना था। घर सूना होने के दौरान अज्ञात चोर ने घर का दरवाजा में लगे ताला तोड़कर चोरी की वारदात को अंजाम दे दी। पड़ोसी ने कांशीराम को घर में चोरी होने की घटना की सूचना मोबाइल पर दी थी। कवर्धा से लौटने उपरांत कांशीराम ने चोरी की रिपोर्ट दर्ज करवाई। मोहन नगर पुलिस ने अज्ञात चोर के खिलाफ धारा 457,380 के तहत अपराध पंजीबद्ध किया हैं। फिलहाल चोर का कोई सुराग नहीं मिल पाया है। चोर को पकडऩे मोहन नगर पुलिस सक्रिय हो गई है। पुलिस का दावा है कि चोर जल्द ही पकड़ लिया जाएगा।

7 टिप्‍पणियां:

  1. badhiya.
    bhai sahab ek nivedan, kyn na khabro se hatkar in sab khabro me aapki raay bhi aap shamil karein to ye samanya si khabre aur jyada path-niy ho jayengi....

    raipur blogger meet me maine patrkar sathiyo se yahi nivedan kiya tha ki apne blog me sirf apni likhi khabro ko na dalein, is se pathak nahi aayenge bhala vo itni sthaniya star ki khabrein padhne kyn aayenge blog par, lekin agar ham inhi sthaniya khabaro ka sandarbh utha sakein un par apne views dal kar to fir dekhiye pathak kaise aate hain....

    is balak ki bat pe vichar kijiyega bhai sahab....

    sheshh shubh

    जवाब देंहटाएं
  2. संजीत जी धन्यवाद,
    आपकी सलाह पर जरूर अमल करूंगा। लेकिन आपको एक बात बताना चाहूंगा कि दुर्ग-भिलाई की खबरें यहां के कई अखबार वाले हू-ब-हू उठा रहे हैं। यह उनके फायदे के लिए भी है। अनेक छोटे और मंझोले अखबारों में ऐसे ब्यूरो हैं जो मार्केटिंग से जुड़े हैं। उनके पास न खबरों की समझ है और न ही अखबार मालिक उन्हें कोई सुविधा ही देते हैं। मेरा यह ब्लाग ऐसे लोगों के लिए काफी सहायक है।

    जवाब देंहटाएं
  3. हिंदी ब्लाग लेखन के लिए स्वागत और बधाई
    कृपया अन्य ब्लॉगों को भी पढें और अपनी बहुमूल्य टिप्पणियां देनें का कष्ट करें

    जवाब देंहटाएं
  4. इस नए चिट्ठे के साथ हिंदी ब्‍लॉग जगत में आपका स्‍वागत है .. नियमित लेखन के लिए शुभकामनाएं !!

    जवाब देंहटाएं