शुक्रवार, 19 मार्च 2010

युवा क्लर्की करेंगे तो बंदूक कौन उठाएगा

आईजी मुकेश गुप्ता ने लगाई फटकार
दुर्ग, 19 मार्च। हाथों में बंदूक थामने की बजाए क्लर्की का काम करने वाले नए रंगरूटों के प्रति आईजी दुर्ग रेंज मुकेश गुप्ता ने नाराजगी जाहिर की है। उन्होंने मौखिक फरमान जारी किया है कि पुलिस के ये जवान या तो लाइन में आमद दें या फिर थानों में ड्यूटी करें। क्लर्की का काम उन्होंने महिला पुलिस कर्मियों से लेने के निर्देश दिए हैं।
जानकारी के मुताबिक, आज दोपहर एसपी कार्यालय से एक नया रंगरूट (पुलिस में भर्ती हुआ नया जवान) एक फाइल लेकर आईजी मुकेश गुप्ता के 32 बंगला स्थित कार्यालय में पहुंचा। जवान को फाइल लेकर आया देख श्री गुप्ता ने जमकर नाराजगी जाहिर की। उन्होंने कहा कि पुलिस को ऊर्जावान जवानों की जरूरत है और यदि ऐसे जवान क्लर्की का काम करेंगे तो बंदूक कौन उठाएगा? उन्होंने तत्काल अपने रिडर को दुर्ग रेंज के सभी एसपी दफ्तरों में इस आशय की सूचना भिजवाने के निर्देश दिए। श्री गुप्ता ने कहा कि पुलिस के नए जवानों की बजाए क्लर्की का काम महिला पुलिस से किया जाए और रंगरूट या तो लाइन में आमद दें या फिर थानों में ड्यूटी ज्वाइन करें।
००००
आठवीं की छात्रा को ले भागा
भिलाई, 19 मार्च। हैप्पी पब्लिक स्कूल वैशाली नगर की कक्षा आठवीं की छात्रा को एक युवक ले भागा। घटना 11 मार्च की है। पुलिस आरोपी युवक के खिलाफ अपराध दर्ज कर उसकी तलाश कर रही है।
पुलिस के मुताबिक, हितचिंतक सहकारी साख समिति सेक्टर-1 के अध्यक्ष एनएस बंछोर का भतीजा रजनेश उर्फ रजनीकांत (24) पिछली 11 मार्च को हैप्पी पब्लिक स्कूल की साढ़े 15 साल की किशोरी को ले भागा। घटना की रिपोर्ट किशोरी के पिता सेक्टर-4, सड़क 24, ब्लाक 22-1 निवासी ट्रक चालक दलजीत सिंह ने भट्ठी थाने में दर्ज कराई।
बताया जाता है कि आरोपी रजनेश बंछोर किशोरी को पूर्व में परेशान किया करता था। इसकी जानकारी होने पर लड़की के परिजनों ने उसे समझाईश भी दी थी। आरोपी युवक सेक्टर-1, सड़क 15, ब्लाक 6-1 निवासी है। पुलिस के मुताबिक, आरोपी युवक हितचिंतक समिति के अध्यक्ष एनएस बंछोर की पहली पत्नी का पुत्र है। पहली पत्नी की मृत्यु के पश्चात उन्होंने अपने पुत्र को अपने औद्योगिक क्षेत्र निवासी भाई महेश बंछोर को गोद दे दिया था। किन्तु बाद में महेश बंछोर उसे वापस छोड़ गए। तभी से रजनेश अपने पिता बनाम चाचा के साथ ही रह रहा है। सूत्रों के मुताबिक, घर से भागने से पूर्व रजनेश अपने साथ घर से करीब 1.27 लाख रूपए भी ले गया है। हालांकि पुलिस ने इसकी पुष्टि नहीं की है। भट्ठी पुलिस ने आरोपी रजनेश के खिलाफ भादवि की धारा 363 और 366 के तहत अपराध दर्ज किया है।
०००
मंडल अध्यक्षों के लिए आज से फिर घमासान
दुर्ग, 19 मार्च। भाजपा की राष्ट्रीय सचिव और सांसद सरोज पाण्डेय के दुर्ग पहुंचने के साथ ही सांगठनिक गतिविधियां ते•ा हो गई हैं। जिले के 16 में से महज 6 मंडलों में ही निर्विरोध अध्यक्ष चुने गए हैं, जबकि बाकी मंडलों के नाम पैनल में फंसे हुए हैं। वरिष्ठ नेताओं की आम सहमति की कोशिशें नाकाम होने के बाद अब मंडल अध्यक्षों का चयन इन्हीं वरिष्ठ नेताओं को करना है। पार्टी सूत्रों के मुताबिक, दो-तीन दिनों के भीतर सभी मंडलों के अध्यक्ष घोषित कर दिए जाएंगे।
सांसद सरोज पाण्डेय के दुर्ग आने के साथ ही एक बार फिर से संगठन चुनाव की राजनीति गर्म हो गई है। 10 मंडलों में सहमति नहीं बन पाने की वजह से इन मंडल के कार्यकर्ताओं ने वरिष्ठ नेताओं को अध्यक्ष चुनने अधिकृत किया है। खबर है कि आज से एक बार फिर बैठकों का दौर शुरू हो जाएगा। दुर्ग मंडल के लिए वैसे तो 13 नाम सामने आए हैं, किन्तु बताया जाता है कि फिलहाल शहर भाजपा के महामंत्री महावीर लोढ़ा, विनायक नातू और सोहन जैन के नाम प्रमुखता से सामने आ रहे हैं। बताया जाता है कि सांसद सरोज पाण्डेय के गुट से नगर निगम के पूर्व सभापति और पार्षद दिनेश देवांगन, शिवेन्द्र परिहार और अनूप सोनी के सामने दिए गए हैं। वहीं सांसद गुट की ओर से झाडेश्वर कौशल, कांतिलाल जैन गोलू, महावीर लोढ़ा और निलेश मड़ामे के नाम दिए गए हैं। पार्टी सूत्रों का कहना है कि इन नामों पर यदि वरिष्ठ नेताओं में कोई सहमति नहीं बन पाई तो संभव है कि किसी नए नाम पर विचार हो। इन सूत्रों के मुताबिक, पूर्व में जिन नामों पर चर्चा हो चुकी है और जो नाम पैनल में शामिल हैं, उन पर एक बार फिर से चर्चा हो सकती है।
उल्लेखनीय है कि इससे पूर्व हुई बैठक में दुर्ग मंडल के लिए कई नामों पर विचार-विमर्श किया गया था। किन्तु वरिष्ठ नेताओं की मंशानुरूप आम सहमति नहीं बन पाई। हालांकि इस दौरान दोनों ही गुटों के प्रमुख नेताओं को अलग से बुलाकर चर्चा भी की गई थी। इन नेताओं ने बाद में वरिष्ठ नेताओं को ही अधिकृत कर दिया था कि वे अपनी पसंद का मंडल अध्यक्ष चुन लें, जो सभी कार्यकर्ताओं को मान्य होगा।
००००
दुर्घटना में मृत महिला कुंदरापारा की निकली
दुर्ग, 19 मार्च। राजेन्द्र पार्क चौक में गुरुवार की सुबह सड़क हादसे में अकाल मौत का शिकार बनी महिला की आज पहचान कर ली गई। मृतका रुखमणी वर्मा 30 वर्ष पति धर्मेन्द्र वर्मा कुंदरापारा पाटणकर कालोनी की निवासी थी। रुखमणी नेहरु नगर के एक हॉस्टल में खाना बनाने का काम करती थी। हादसे के समय वह अपने काम पर जा रही थी। तभी एक अनियंत्रित अज्ञात भारी वाहन ने उसे अपने चपेट में लेकर मौत के घाट उतार दिया। मृतका रुखमणी का पति धर्मेन्द्र वर्मा रिक्शा चालक हैं। उसके दो छोटे बच्चे हैं। मोहन नगर पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले को जांच में लिया हैं। पुलिस के मुताबिक 30 वर्षीया रुखमणी वर्मा नेहरु नगर के एक हॉस्टल में खाना बनाने का काम करती थी। 18 मार्च की सुबह वह नेहरु नगर जाने के लिए घर से निकली थी। वह टेम्पों पर सवार होने राजेन्द्रपार्क चौक आ रही थी। तभी एक अज्ञात भारी वाहन ने उसे जबरदस्त ठोकर मार दी। हादसे में रुखमणी को गंभीर चोंटे आई थी। आसपास के लोगों ने उसे उपचार के लिए जिला अस्पताल पहुंचाया। जहां एक घंटे बाद रुखमणी ने दम तोड़ दिया। लेकिन परिजनों के अभाव में उसकी शिनाख्त नहीं हो पाई थी। आज समाचार पत्रों में महिला की मौत से संबंधित प्रकाशित खबर को देखकर परिजन शिनाख्त के लिए स्थानीय मच्र्युरी पहुंचे और शव की रुखमणी वर्मा के रुप में शिनाख्त की गई। बताया गया हैं रुखमणी हॉस्टल में खाना बनाने के काम के दौरान देर होने पर कई दफे रात हॉस्टल में ही रुक जाती थी। जिससे कल रात तक परिजनों ने रुखमणी की कोई चिंता नहीं की थी। लेकिन आज सुबह भी रुखमणी के घर वापस नहीं लौटने पर परिजनों को उसकी चिंता सतायी और उसके संबंध में पतासाजी की गई। लेकिन सुबह भी रुखमणी के संबंध में परिजनों को कोई खबर नहीं मिल पाई थी। परिजनों ने आज सुबह 11 बजे मच्र्युरी पहुंचकर रुखमणी की शिनाख्त की। हादसे के बाद से अज्ञात भारी वाहन का चालक वाहन समेत फरार हैं। मोहन नगर पुलिस ने मर्गकायम कर मामले को जांच में लिया हैं। वहीं पुलिस द्वारा अज्ञात भारी वाहन चालक के विरुद्ध अपराध दर्ज करने की तैयारी में हैं।
०००
तीन पेटी अवैध शराब जप्त
दुर्ग, 19 मार्च। पुलगांव नाला के पास कल रात पुलिस ने दबिश देकर एक युवक से तीन पेटी अवैध देशी प्लेन व मसाला शराब जप्त की। जिसकी कीमत 48सौ रुपए आंकी गई हैं। मामले में पुलगांव पुलिस ने आरोपी युवक रामाधार कलार 40 वर्ष पिता जेठाराम तीन दर्शन मंदिर जागृति चौक छावनी भिलाई निवासी को गिरफ्तार कर उसके खिलाफ 34(2)आबकारी एक्ट के तहत कार्यवाही की हैं। आरोपी मूलरुप से धमतरी जिला कुरुद के ग्राम कन्हारपुरी का निवासी हैं। पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक आरोपी रामाधार कलार कल रात अवैध देशी प्लेन व मसाला शराब को एक बोरे में छिपाकर पुलगांव क्षेत्र से होते हुए भिलाई आ रहा था। इस दौरान पुलगांव पुलिस को मुखबीर से सूचना मिली और पुलगांव नाला के पास दबिश देकर पुलिस ने आरोपी को रंगेहाथों धरदबोचा। उसके कब्जे से 48सौ कीमत की अवैध शराब जप्त की गई।
०००
सरोज के स्वागत में उमड़े भाजपाई
दुर्ग, 19 मार्च। भाजपा की राष्ट्रीय सचिव पद पर दूसरी बार नियुक्त होने के उपरांत रायपुर से दुर्ग पहुंची सांसद सुश्री सरोज पांडेय का भाजपा नेताओं एवं कार्यकत्र्ताओं द्वारा रायपुर एयरपोर्ट पहुंचकर गर्मजोशी से स्वागत किया गया। भाजपा नेता व कार्यकत्र्ता स्वागत कर रैली के रुप में दुर्ग पहुंचे। इस दौरान संसदीय सचिव विजय बघेल,विधायक व अनुसूचित जनजाति उपाध्यक्ष दयालदास बघेल,विधायक, विधायक डोमनलाल कोर्सेवाड़ा, लाभचंद बाफना, प्रदेश भाजपा मंत्री दीपक देवांगन, महापौर डॉ. शिवकुमार तमेर, जिला भाजपा उपाध्यक्ष शिव चंद्राकर, अजय तिवारी, पूर्व सभापति दिनेश देवांगन, नरसिंग भूतड़ा, भूपेन्द्र सिंह, दिलीप शुक्ला, महिला मोर्चा प्रदेश मंत्री चंद्रिका चंद्राकर, जिलाअध्यक्ष ज्योति चंद्राकर, सभापति देवनारायण तांडी, कांतिलाल बोथरा, जिला पंचायत सदस्य संध्या परगनिया, ललित चंद्राकर, डॉ. चंद्रकला खिचरिया, श्रीमती जयश्री जोशी, शिवेन्द्र परिहार, बहादूर अली थारानी, रत्नेश चंद्राकर, कल्पना जोशी, नजरुद्दीन खोखर, गायत्री साहू, चमेली साहू, देवनारायण चंद्राकर, नरेन्द्र चंदेल, कुमुद बघेल, कांशीराम कोसरे, मीना सिंह, अजय दुबे, नरेन्द्र गुप्ता, विजय चांडक, जगदीश नारायणी, गेंदलाल साव, उषा टावरी, संदीप भाटिया, लुकेश बघेल, अमरभोई, अनुप सोनी, नरेन्द्र बंजारे,ऋषि गुप्ता, गोपाल सिन्हा, गौरव बजाज, मोती साहू, मो. चिरागुद्दीन, लता शर्मा, सुधा सिंह, रीता सिंह, आशा यादव, सुधीर शर्मा, सत्येन्द्र सिंह, टीकाराम साहू, लखन साहू, पूर्व पार्षद कुलेश्वरी चंद्राकर, रीता मेश्राम,किरण देवांगन, चंद्रप्रकाश मेश्राम, सलाम खान, ज्वाला मरकाम, हर्षवर्धन तिवारी एवं अन्य भाजपा कार्यकत्र्ता मौजूद थे।
नगर निगम दुर्ग के सांस्कृतिक एवं पर्यटन विभाग प्रभारी अजय दुबे के नेतृत्व में भी गुरुवार को सैकड़ों कार्यकत्र्ता सरोज पांडेय के स्वागत के लिए रायपुर रवाना हुए थे। रायपुर में कार्यकत्र्ताओं ने राष्ट्रीय सचिव सरोज पांडेय का गर्मजोशी के साथ स्वागत किया। इस दौरान जिला युवा विकास संगठन के अध्यक्ष विजय चांडक,भरत परमार,करतेश कारिया, कन्हैया यादव समेत बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकत्र्ता मौजूद थे।
०००
दुर्ग-दल्ली लोकल तीसरे दिन भी रद्द रही
दुर्ग, 19 मार्च। दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे से संचालित पांच डीडीएम एवं छह डीडीएम दुर्ग-दल्लीराजहरा दुर्ग के बीच संचालित लोकल तकनीकी कारणों के चलते आज तीसरे दिन भी रद्द रही। गौरतलब है कि दुर्ग से दल्ली राजहरा के बीच चलने वाली इस लोकल यात्री ट्रेन में 16 मार्च को तकनीकी रूप से बड़ी खराबी आ गई थी, जिसके चलते रेल मंडल ने इसकी खराबी दूर करने तक ट्रेन को 17 से 18 मार्च तक रद्द करने की घोषणा की थी। लेकिन आज भी ट्रेन दुरूस्त नहीं हो पाई। इसलिए रेल मंडल ने ट्रेन को आज भी रद्द रखा। इधर ट्रेन के लगातार तीन दिनों तक रद्द होने से यात्रियों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ा।
०००
ट्रक की ठोकर से सुरक्षा गार्ड की मौत
भिलार्ई, 19 मार्च। खुर्सीपार तिराहे के पास बीती रात एक ट्रक ने सायकल सवार सिक्युरिटी गार्ड को ठोकर मारकर मौत के घाट उतार दिया। सिक्युरिटी गार्ड हादसे के समय ड्यूटी से घर वापस लौट रहा था। घटना के बाद से दोषी ट्रक क्र.सीजी04 ई 4809 का चालक वाहन समेत फरार हैं। खुर्सीपार पुलिस ने मर्गकायम कर मामले को जांच में लिया हैं। मृतक सिक्युरिटी गार्ड चतुर्भुज नामदेव 35 वर्ष पिता स्व. राजा नामदेव बालाजीनगर खुर्सीपार का निवासी था। बीती रात करीब सवा दस बजे ड्यूटी से छुटने के उपरांत वह सायकल से अपने घर बालाजी नगर लौट रहा था। वह खुर्सीपार तिराहे के पास पहुंचा था। तभी एक तेजरफ्तार से आ रही ट्रक ने उसे जोरदार ठोकर मार दी। हादसे में चतुर्भुज नामदेव को गंभीर चोंटे आई थी। उसे अस्पताल ले जाने पर चिकित्सक ने उसे मृत घोषित कर दिया। खुर्सीपार पुलिस ने मामले को जांच में लिया हैं।
०००

थानेदार आर.पी. शर्मा झुलसे
भिलाई, 19 मार्च। भट्ठी थाना के थानेदार आर.पी. शर्मा गरम पानी से झुलस गए। श्री शर्मा का सेक्टर-9 अस्पताल में उपचार चल रहा हैं। उनका कुशलक्षेम पूछने आज एसपी शहर एम.एल. कोटवानी व भिलाई नगर सीएसपी राकेश भट्ट सहित कई शुभचिंतक पहुंचे थे।
जानकारी के मुताबिक सेक्टर-3 निवासी आर.पी. शर्मा एक सप्ताह पूर्व घर में पानी गरम कर रहे थे। इस दौरान गरम पानी उन पर गिर गया। जिससे उनके शरीर का कुछ हिस्सा झुलस गया। श्री शर्मा को उपचार के लिए सेक्टर-9 अस्पताल में भर्ती करवाया गया हैं। अस्पताल के बर्नयूनिट में उनका उपचार चल रहा हैं।

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें