बुधवार, 17 मार्च 2010

फुटकर व्यवसायियों को 48 घंटे की मोहलत

सड़क पर सामान बेचने वालों को नगर निगम की चेतावनी
दुर्ग, 17 मार्च। शहर के हृदय स्थल इंदिरा मार्केट में सड़क जाम होने का अक्सर बड़ा कारण बनने वाले पसरा, ठेला व फुटकर व्यवसाईयों को खदेडऩे पहुंची निगम के अमले को बुधवार दोपहर भारी विरोध का सामना करना पड़ा। लेकिन निगम अमला उन्हे जनहित के लिहाज से हटाने में अड़ा रहा। जिससे इंदिरा मार्केट में गरमा-गरमी का माहौल था। बावजूद निगम अमला वहां से 8-10 छोटे दुकानों को हटाने में सफल रहा।
वहीं कुछ व्यवसाईयों ने सड़क से अपनी दुकानें स्वयं हटा ली। निगम अधिकारियों ने सड़क जाम करने वाले व्यवसाईयों को स्पष्ट कहा हैं कि महात्मा गांधी स्कूल से मान होटल तक दुकानों के सामने सड़क पर व्यवसाय करने वाले लोगों को खदेड़ा जायेगा। पसरा, ठेला व फुटकर व्यवसाईयों के समर्थन में आए कांग्रेस पार्षद शकुन ढीमर, पूर्व पार्षद विल्सन डिसूजा, फत्तेसिंह भाटिया ने निगम की कार्यवाही पर विरोध जताते हुए निगम अधिकारियों से चर्चा की। चर्चा उपरांत निगम अधिकारियों ने आज की कार्यवाही को विराम दिया। लेकिन निगम अधिकारियों ने सड़क में व्यवसाय करने वाले व्यवसाईयों को अपनी दुकानें हटाने 48 घंटे का अल्टीमेटम दिया हैं। अधिकारियों ने कहा है कि सड़क पर व्यवसाय करने वालों को बख्शा नहीं जायेगा। इसके अलावा उन दुकानदारों को भी चेतावनी दी गई हैं जिनके द्वारा अपनी दुकानों के सामने सामान रखकर व्यवसाय संचालित किया जा रहा हैं। इस दौरान निगम के सहायक अभियंता आर.एस. आजवानी, ए.के. दत्ता, बाजार प्रभारी अमरनाथ दुबे, विरेन्द्र ठाकुर, चंद्रकांत शर्मा, शिव शर्मा व अन्य कर्मचारी मौजूद थे। निगम के अमले ने इंदिरा मार्केट में दुकानों के सामने से सामान हटाने के कार्यवाही के लिए मौके पर दो डम्फर,एक ट्रेक्टर व दो दर्जन से अधिक मजदूर लेकर पहुंची थी। निगम ने आज कार्यवाही के दौरान सड़क पर व्यवसाय करने वाले हीना जूस, राजू जूस,2-3 फल वालों व अन्य व्यवसाईयों को हटाया।
०००
कांग्रेसियों ने ली शीतला तालाब की सुध
दुर्ग, 17 मार्च। गर्मी के चलते पेयजल व निस्तारी पानी को लेकर कांग्रेसी गंभीर हैं। इस मुद्दे पर कांग्रेसियों ने बुधवार दोपहर कसारीडीह सिविल लाईन स्थित शीतला तालाब का जायजा लिया। तालाब में पानी का भराव कम हैं। वहंीं गंदगी चारों ओर व्याप्त हैं। जिससे पानी से बदबू उठ रहा हैं। क्षेत्र के लोगों के समक्ष निस्तारी की बड़ी समस्या हैं। तालाब के जायजे के बाद कांग्रेसियों के एक प्रतिनिधि मंडल ने शहर कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष अरुण वोरा व जिला कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष घनाराम साहू की अगुवाई में इन समस्याओं को लेकर महापौर डॉ. शिवकुमार तमेर व आयुक्त एस.के. सुंदरानी से मुलाकात की।
कांग्रेसियों ने महापौर डॉ. तमेर को बताया कि शीतला तालाब 4-5 वार्डो के लोगों का निस्तारी का प्रमुख साधन हैं। देख रेख के अभाव में तालाब अब निस्तारी योग्य नहीं रह गया हैं। मजबूरी वश क्षेत्र के लोग तालाब में पानी के कम भराव के बावजूद निस्तारी के लिए उपयोग कर रहे हैं। गंदगी के चलते तालाब का पानी बदबूदार हो गया हैं। कांग्रेसियों का कहना था कि पिछले वर्ष प्रशासन द्वारा शीतला तालाब का गहरीकरण करवाया गया था। जिसका कोई लाभ नहीं हुआ। कार्य में ठेकेदार द्वारा लापरवाही बरती गई थी। जिसके कारण तालाब गहरा नहीं हो पाया था। कांग्रेसियों के मांगों को गंभीरता से लेते हुए महापौर डॉ. तमेर ने शीतला तालाब की समस्या पर शीघ्र पहल करने का भरोसा दिलाया। आयुक्त डॉ. एस.के. सुंदरानी का कहना था कि शीतला तालाब में पानी के कम भराव की समस्या को जल्द ही हल कर लिया जायेगा। श्री सुंदरानी ने कहा कि पानी की समस्या को दूर करने तालाब के पास बोर खनन किया जायेगा। बोर के माध्यम से तालाब में पानी भरा जायेगा। साथ ही तालाब के साफ-सफाई पर भी उचित व्यवस्था की जायेगी। शीतला तालाब के जायजा के दौरान अरुण वोरा,घनाराम साहू,अब्दुल गनी,देवकुमार जंघेल, संजय सिंग,बसंत खिलाड़ी,सुशीला खिलाड़ी,प्रकाश गीते, शकुन ढीमर,कन्या ढीमर,राजेश शर्मा,इंदर चंद्राकर,अनिल देवांगन,रत्ना नारमदेव समेत अन्य लोग मौजूद थे। मालूम हो कि शीतला तालाब क्षेत्र के लोगों के निस्तारी का प्रमुख साधन हैं। लेकिन निगम व प्रशासन द्वारा ध्यान नहीं दिए जाने से तालाब अपना अस्तित्व खो रहा हैं। तालाब में अब पानी भी नाममात्र रह गया हैं। इन समस्याओं को घासीदास वार्ड की पार्षद सुशीला खिलाड़ी व पूर्व एल्डरमेन बसंत खिलाड़ी ने शहर कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष अरुण वोरा के समक्ष रखा था। जिसके उपरांत आज कांग्रेस कमेटी के एक प्रतिनिधि मंडल ने शीतला तालाब का जायजा लिया व समस्याओं को हल करने पहल हो पाई।
०००
भगवान झुलेलाल की हुई विशेष पूजा-अर्चना
दुर्ग, 17 मार्च। चेट्रीचंड्र पर्व के अवसर पर बुधवार को सिंधी समाज द्वारा सिंधी कालोनी स्थित मुख्य गुरूद्वारे में भगवान झुलेलाल की विशेष पूजा-अर्चना की गई। इस दौरान प्रसाद और शरबत का वितरण भी किया गया। सिंधु भवन में आम लंगर का आयोजन भी किया गया। दोपहर में समाज द्वारा विशाल शोभायात्रा निकाली गई, जो शहर के विभिन्न मार्गों से होती हुई वापस झूलेलाल मंदिर में पहुंची।
सिंधुड़ी सेवा समिति, सदाणी सेवा मंच और भारतीय सिंधु सभा द्वारा बुधवार को भगवान झुलेलाल की जयंती धूमधाम के साथ मनाई गई। सुबह सिंधी कालोनी स्थित मुख्य गुरूद्वारे में भगवान झुलेलाल की विशेष पूजा अर्चना की गई। शहर के विभिन्न क्षेत्रों में इस दौरान शरबत का वितरण किया गया। सदाणी सेवा मंच ने देविका नर्सिंग होम के पास स्टाल लगाकर प्रसाद बांटा। दोपहर में भगवान झूलेलाल की विशाल शोभायात्रा निकाली गई। शोभायात्रा के साथ भगवान झूलेलाल का बैराणा भी निकाला गया, जिसका विसर्जन शहर के विभिन्न क्षेत्रों में भ्रमण के बाद पोलसायपारा तालाब में किया गया। भगवान झूलेलाल की शोभायात्रा के मद्देनजर शहर के मुख्य मार्गों में स्वागत द्वार लगाए गए। शोभायात्रा के स्वागत के लिए जगह-जगह शरबत आदि के वितरण की भी व्यवस्था की गई है।
इस अवसर पर समाज के प्रमुख लोगों में खेमचंद मध्यानी, प्रताप मध्यानी, अमृत रतनानी, जगदीश सावानी, रवि आनंदानी, गोविंद आहूजा, निहाल रत्नानी, घनश्याम हाथवानी, हसमत तेजवानी, अचल गोदवानी, कल्याणदास गोदवानी, जीतूमल कुकरेजा, सुदामा भागवानी, डॉ. राजपाल, परसराम सचदेव के अलावा जयकुमार गोदवानी, दयाल सचदेव, सुरेश भागवानी, सिद्धू कोटवानी, राजेश कोटवानी आदि मौजूद थे।
०००
जनदर्शन के लंबित प्रकरण निपटायें अधिकारी—कलेक्टर
- ग्राम सुराज 2010 की तैयारी के दिये निर्देश
दुर्ग, 17 मार्च। कलेक्टर ठाकुर राम सिंह ने अधिकारियों को विशेषकर लोक निर्माण विभाग, शिक्षा, महिला एवं बाल विकास तथा पंचायत विभाग को मुख्यमंत्री जनदर्शन 15 सितम्बर 2009 के विभागों को प्रेषित लम्बित प्रकरण आगामी समय-सीमा बैठक तक निपटा लेने के कड़े निर्देश दिये हैं। उन्होंने यह भी कहा कि प्रकरण निपटाने में कोताही बरतने वाले अधिकारी के खिलाफ शासन को डी.ओ.लेटर प्रेषित किया जायेगा। कलेक्टर ने कहा कि प्रत्येक विभाग ग्राम सुराज 2010 हेतु अपनी तैयारी कर लें। ग्राम सम्पर्क अभियान के दौरान मैदानी स्तर पर शिकायतें नहीं मिलना चाहिये। आगामी समय-सीमा बैठक में विभागवार तैयारी की समीक्षा होगी। कलेक्टर ठाकुर रामसिंह ने आज अधिकारियों की समय-सीमा बैठक में विभागीय कार्यों की समीक्षा के बाद सी.एम. जनदर्शन के लंम्बित प्रकरण व ग्राम सुराज 2010 की तैयारी के संबंध में चर्चा करते हुए अधिकारियों को उक्त निर्देश दिये।
कलेक्टर ठाकुर राम सिंह ने बताया कि आगामी माह में शासन द्वारा 12 से 16 अप्रैल व 19 से 23 अप्रैल 2010 को ग्राम सुराज 2010 कार्यक्रम प्रस्तावित है। उन्होंने कहा कि ग्राम सम्पर्क अभियान के दौरान कम से कम शिकायतें प्राप्त हो, अधिकारी पहले से व्यवस्था दुरूस्त कर लें। कलेक्टर ने बताया कि ग्राम सुराज का स्वरूप ग्रामीण विकास पर आधारित है। प्रत्येक विकासख्ंाड के दस हाट-बाजार वाले ग्राम इससे जोड़े जायेंगे। ग्राम सम्पर्क अभियान के दौरान कृषि विभाग को कार्यक्रम तय करना है। राजस्व विभाग के अधिकारी जमीन चकबंदी व्यवस्था देख लें। राजस्व प्रकरणों की शिकायतें नहीं मिलना चाहिए। अभियान के दौरान किसानों को बोनस राशि वितरण की व्यवस्था सहकारिता विभाग सुनिश्चित कर लें। खाद्य विभाग खाद्यान्न वितरण व्यवस्था व फर्जी राशनकार्ड निरस्त करने की कार्यवाही पर ध्यान दें। स्मार्ट कार्ड का वितरण हो, गन्ना उत्पादक किसानों के ट्यूबवेल मेें विद्युत कनेक्शन हो अधिकारी ध्यान दें। जनपद सी. ई.ओ. हाट-बाजार चयन के साथ ग्राम सम्पर्क दल प्रभारी व सदस्य आदि का चयन कर लें। विकासखंड मुख्यालयों में पी.डी.एस. खाद्यान्न गोदाम निर्माण हेतु स्थल चयन कर लें। नरेगा के कार्यों में मजदूरी भुगतान पर ध्यान दें। काम में मजदूरों की संख्या बढ़ायें। अधिकारी यह सुनिश्चित करें कि नरेगा के काम में मशीनों का उपयोग नही होना चाहिए। कलेक्टर ने नरेगा के तहत धान खरीदी केन्द्रों के लिए फड़ निर्माण कराने के निर्देश भी सी.ई.ओ. जनपद को दिये।
बैठक में अपर कलेक्टर श्रुति सिंह एवं नीतिन पंडित, जिला पंचायत के सी.ई.ओ. एस. प्रकाश, सहायक कलेक्टर नीरज कुमार, नगर निगम भिलाई के आयुक्त राजेश टोप्पो, सभी एस. डी. एम., डिप्टी कलेक्टर्स, सी. ई. ओ. जनपद पंचायत एवं समस्त विभाग के अधिकारी उपस्थित थे।
०००
सरोज को राष्ट्रीय सचिव बनाने पर जिले में हर्ष
दुर्ग, 17 मार्च। दुर्ग की सांसद सरोज पाण्डेय के दोबारा भारतीय जनता पार्टी की राष्ट्रीय मंत्री बनाए जाने पर जिले भर के भाजपा कार्यकर्ताओं में हर्ष व्याप्त है। भारतीय जनता युवा मोर्चा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष यशवंत जैन ने कहा कि सरोज पाण्डेय ने एक दशक में एक ऊर्जावान और सक्षम नेता के रुप में अपनी एक अलग पहचान बनाई है । सरोज पाण्डेय के राजनैतिक कौशल और कार्यक्षमता को देखकर ही राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन गडकरी ने उन्हे अपनी राष्ट्रीय कार्यकारिणी में राष्ट्रीय मंत्री के रुप में स्थान दिया है ।
नवागढ़ विधायक दयालदास बघेल, अहिवारा विधायक डोमनलाल कोर्सेवाड़ा, गुण्डरदेही विधायक विरेन्द्र साहू ने कहा कि सरोज पाण्डेय के दोबारा भाजपा राष्ट्रीय मंत्री बनने से समस्त दुर्ग जिले के भाजपा कार्यकर्ताओं का सिर गर्व से ऊंचा हुआ है । बेमेतरा के भाजपा नेता मिन्टू सलूजा और राजेन्द्र शर्मा ने कहा कि सरोज पाण्डेय की विशिष्ट कार्यशैली ही उन्हे अन्य नेताओं से अलग करती है, सरोज पाण्डेय ने महिला नेत्री होने के बावजूद जिस प्रकार से अपनी क्षमता का प्रदर्शन किया है उसी की परिणिति के रुप में राष्ट्रीय नेतृत्व ने उन्हे राष्ट्रीय मंत्री जैसे पद से नवाजा है । पाटन के भाजपा नेता जितेन्द्र वर्मा ने कहा कि सरोज पाण्डेय के रुप में दुर्ग जिले को एक प्रतिभाशाली नेतृत्व मिला है जिसकी प्रतिभा अब राष्ट्रीय मंत्री के रुप में पूरा देश महसूस करेगा ।
सरोज पाण्डेय को राष्ट्रीय मंत्री बनाने से दुर्ग जिले की जनता को सम्मान बढ़ा है । बालोद के पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष राकेश यादव ने कहा कि सरोज पाण्डेय के दोबारा राष्ट्रीय मंत्री बनाये जाने से यह साबित होता है कि प्रतिभा किसी की मोहताज नही होती । भाजपा ही ऐसा दल है जिसमें छोटा से छोटा कार्यकर्ता भी अपनी प्रतिभा के बल पर राष्ट्रीय स्तर की राजनीति तक पहुंच सकता है । सांसद सरोज पाण्डेय के राष्ट्रीय मंत्री बनाये जाने पर भाजयुमो पूर्व प्रदेश अध्यक्ष यशवंत जैन, व्यापारी प्रको. प्रदेश अध्यक्ष लाभचंद बाफना, संसदीय सचिव विजय बघेल, विधायक दयालदास बघेल, विधायक डोमनलाल कोर्सेवाड़ा, विधायक विरेन्द्र साहू, विधायक मदन साहू, विधायक नीलिमा सिंह टेकाम, जिला सहकारी केन्द्रीय बैंक अध्यक्ष प्रीतपाल बेलचंदन, राकेश यादव, रुपनारायण शर्मा, गौकरण पाटिल, जिला पंचायत सदस्य संध्या परगनिहा, जिला पंचायत सदस्य दुर्गा सोनी, बेमेतरा जनपद सदस्य निवेदिता जोशी, बेमेतरा महामंत्री सुखेन्द्र सलूजा, नवागढ़ मंडल अध्यक्ष टार्जन साहू, नवागढ़ नगर पंचायत पूर्व अध्यक्ष तिलक घोष, नवागढ़ भाजयुमो अध्यक्ष दिनेश सोनी, बेरला नगर पंचायत उपाध्यक्ष शांतिलाल जैन, भाजयुमो प्रदेश कार्य. सदस्य डामन सिन्हा, बालोद शहर भाजपा अध्यक्ष राजा दीवान, बालोद ग्रामीण अध्यक्ष पालक ठाकुर, सहकारिता प्रको. जिला अध्यक्ष नथमल कोठारी, धमधा जनपद अध्यक्ष प्रशान्त वर्मा, धमधा मंडल कोषाध्यक्ष नवीन जैन, थानखमरिया भाजयुमो नेता विरेन्द्र जोशी, धमधा पूर्व जनपद अध्यक्ष एन के तिवारी, अहिवारा मंडल अध्यक्ष लक्ष्मण क्षत्री, भाजयुमो नेता चंचल बाफना, छ.ग. राज्य मत्स्य महासंघ उपाध्यक्ष नेतराम निषाद, गुण्डरदेही महिला मोर्चा अध्यक्ष सुलेखा सोनी, खेरथा महामंत्री सुरेन्द्र तिवारी, हरीश कटझरे, डौंडीलोहारा भाजपा अध्यक्ष दिलीप शर्मा, दल्लीराजहरा अध्यक्ष राजेश दसोड़े, डौंडी भाजपा कोषाध्यक्ष मदन जैन सहित जिले भर के भाजपा कार्यकर्ताओं में हर्ष व्याप्त है।
०००
भाजपा कार्यकर्ताओं ने मनाई खुशियां
दुर्ग, 17 मार्च। मंगलवार दोपहर भाजपा की राष्ट्रीय कार्यसमिति की घोषणा होते ही दुर्ग जिला भाजपा कार्यालय में शहर भर के भाजपा कार्यकर्ता स्वस्फूर्त उमड़ पड़े । दुर्ग सांसद सरोज पाण्डेय के राष्ट्रीय मंत्री बनने पर भाजपा कार्यकर्ताओं ने मिठाइयां बांटकर और फटाके फोड़कर अपनी खुशी का इजहार किया बाद में कार्यकर्ताओं ने इंदिरा मार्केट चौक में भी फटाके फोड़कर खुशी जताई । भाजपा कार्यकर्ता आपस में चर्चा करते रहे कि दुर्ग शहर से भाजपा के किसी नेता ने पहली बार भाजपा के राष्ट्रीय नेता के रुप में पहचान बनाई है यह दुर्ग के लिए अत्यंत गर्व का विषय है। सरोज पाण्डेय के राष्ट्रीय मंत्री बनने पर हर्ष व्यक्त करने वाले दुर्ग शहर के कार्यकर्ताओं में भाजपा प्रदेश मंत्री दीपक देवांगन, जिला भाजपा महामंत्री चैनसुख भट्टड़, जिला भाजपा उपाध्यक्ष शिव चंद्राकर,जिला भाजपा उपाध्यक्ष अजय तिवारी, भाजयुमो प्रदेश उपाध्यक्ष भूपेन्दर सिंह, पूर्व सभापति दिनेश देवांगन, दुर्ग शहर भाजपा महामंत्री महावीर लोढ़ा, महिला मोर्चा जिला अध्यक्ष ज्योति चंद्राकर, महिला मोर्चा प्रदेश मंत्री चंद्रिका चंद्राकर, प्रकाश शेरु यादव, राजेन्द्र पाध्ये, पार्षद शिवेन्द्र परिहार, पार्षद जयश्री जोशी, अल्पसंख्यक मोर्चा अध्यक्ष बहादुर अली थरानी, पूर्व पार्षद चंद्रकला खिचरिया, छत्रसाल गायकवाड़, लक्ष्मण कुकरेजा, दिलीप शुक्ला, जगदीश गुप्ता, सलाम खान, सखाराम देवांगन, सखाराम देवांगन, नरेन्द्र सोनी, सतीश समर्थ, संजय घोष, अमर भोई, शंकर विश्वास, जगदीश रायजादा, महेश सार्वा, मनीष उपाध्याय, उदय कश्यप, गोपाल सिन्हा, जगदीश नारायणी, सुभद्रा शर्मा, रीता देवी सिंह, सुधा सिंह, गौरव बजाज, सत्येन्द्र सिंह, जुगमत बारिक, इस्टपाल भाटिया सहित सैकड़ों कार्यकर्ता शामिल थे ।
०००
गन्ने की फसल देखने कलेक्टर
पहुंचे किसानों की खेत में
दुर्ग, 17 मार्च। जिले में दंतेश्वरी मैय्या सहकारी शक्कर कारखाना में गन्ने की आपूर्ति के लिये विकासखंड गुरूर, बालोद, पाटन, गुण्डरदेही, डौण्डी एवं डौण्डीलोहारा के कृषकों को गन्ना की खेती के लिये जिला प्रशासन द्वारा प्रोत्साहित किया जा रहा है। जिले के एक मात्र शक्कर कारखाना में शक्कर का उत्पादन प्रारम्भ हो जाने से क्षेत्र के कृषकों का रूझान भी गन्ने की पैदावारी की ओर बढ़ा है। जिले में कृषि तथा शक्कर कारखाना द्वारा 4000 हेक्टेयर में गन्ना क्षेत्राच्छादन का लक्ष्य रखा गया है। अब तक अधिसूचित क्षेत्र में लगभग 100 हेक्टेयर में गन्ना लगाया जा चुका है तथा 2000 कृषकों द्वारा 1000 हेक्टेयर में गन्ना लगाने हेतु स्वीकृति भी दी जा चुकी है।
कलेक्टर ठाकुर रामसिंह ने सोमवार 15 मार्च को कृषि विभाग के अधिकारियों के साथ जिले के गुण्डरदेही एवं डौण्डीलोहारा विकासखंड के ग्राम टिकरी, मनकी, सोरली और खैरीडीह के गन्ना उत्पादक कृषकों की खेत पहुंचकर किसानों से गन्ने की खेती के बारे में रू-ब-रू चर्चा किया। इस दौरान अपर कलेक्टर सुश्री श्रुतिसिंह भी साथ थीं। कलेक्टर ने कृषकों को कृषि विभाग के मार्गदर्शन व उन्नत तकनीक से गन्ने की फसल लगाने के साथ ही गांव के अन्य कृषकों को भी इसके लिये प्रेरित करने की समझाईश दी। कलेक्टर के पूछने पर ग्राम टिकरी के कृषक श्री त्रिलोचन मंडले ने बताया कि 65 डिसमिल जमीन में गन्ने बीज की रोपाई की जा रही है। गांव के पांच अन्य किसानों के तीन एकड़ जमीन में गन्ना लग चुका है। कृषि विभाग द्वारा गांव में 12 एकड़ जमीन चिन्हित किया गया है। गन्ने की खेती कृषि विभाग के मैदानी अमले के मार्गदर्शन में किया जा रहा है। ग्राम मनकी के कृषक गुलाबदास बघेल और रामलाल देवांगन ने बताया कि सत्रह एकड़ जमीन में टीसू कल्चर गन्ने लगाये है। इस अवसर पर उप संचालक कृषि श्री आर.एल. धुरंधर, दंतेश्वरी मैय्या सहकारी शक्कर कारखाना के एम.डी. उमेश तिवारी, राजेश नाहटा एवं कृषि विभाग के अन्य अधिकारी उपस्थित थे।
०००

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें