मंगलवार, 23 मार्च 2010

दुर्ग-भिलाई सबसे गर्म

दुर्ग, 22 मार्च। वैसे तो होली पर्व के बाद से तेज धूप व गर्मी ने अपना रंग दिखाना शुरू कर दिया है। लेकिन मार्च माह में पडऩे वाली तेज धूप, गर्मी व लू ने लोगों को अभी से चिंता में डाल दिया है। छत्तीसगढ़ में सबसे ज्यादा गर्मी दुर्ग और बिलासपुर में पड़ रही है। यहां तापमान 42 डिग्री को भी पार कर गया है। ट्विनसिटी के लोग यह सोैचने पर मजबूर हो गए है कि अप्रैल, मई व जून माह में पडऩे वाली गर्मी व लू कैसी होगी। ऐसी भी आशंका जतायी जा रही है कि इस साल मई माह में रिकार्ड गर्मी पड़ सकती है। राजस्थान एवं गुजरात से आ रही गर्म हवाओं के प्रभाव से छत्तीसगढ़ के कुछ जिले अभी गर्म हो गये है। प्रदेश के दुर्ग एवं बिलासपुर में लू की स्थिति निर्मित हो गई है। इन संभागों के कुछ स्थानों पर पारा 6 से 7 डिग्री तक ऊपर पहुंच गया है। मौसम विभाग ने तापमान में और वृद्धि की संभावना जताई है।
मार्च महीने का दूसरा पखवाड़ा शुरू होने के साथ प्रदेश का मौसम तेजी से गर्म होता जा रहा है। विगत दस वर्षों के दौरान आज का दिन प्रदेश में सर्वाधिक गर्म रहा। दुर्ग में आज का अधिकतम तापमान 42.8 डिग्री रहा, जो पिछले 30 सालों में सर्वाधिक है। राजधानी में अधिकतम तापमान 41.5 डिसी दर्ज किया गया, इस वर्ष का यह सर्वाधिक गर्म दिन है। पारा सामान्य से 6 डिसी अधिक रहा। वहीं बिलासपुर भी तेज गर्मी से झुलस रहा है। यहां पारा 42.7 डिसी दर्ज किया गया। मौसम विभाग के अनुसार विगत दस वर्षों में यह पहली स्थिति है जब मार्च की 22 तारीख को पारा 43 डिसी के पास पहुंचा है। मौसम विभाग के मुताबिक उत्तरी पश्चिमी दिशा अर्थात मुख्य रूप से राजस्थान एवं गुजरात की ओर से गर्म एवं शुष्क हवाओं के आने से प्रदेश का तापमान बढ़ रहा है।

०००

आरक्षक के भाई की मौत पर कई सवाल
दुर्ग पॉलीक्लिनिक में वार्डब्वाय था मृतक

दुर्ग, 23 मार्च। न्यू पुलिस लाईन निवासी एक आरक्षक के छोटे भाई तोमन लाल देशमुख 40 वर्ष पिता भीषम सिंह देशमुख की संदिग्ध मौत का मामला सामने आया हैं। मृतक तोमनलाल पॉलीटेक्निक कालेज के सामने स्थित दुर्ग पॉलीक्लीनिक में वार्ड ब्वाय था। तोमन की मौत पर आरक्षक बड़े भाई खुमान सिंह देशमुख द्वारा हत्या की आशंका व्यक्त किये जाने के बाद यह मामला काफी संगीन हो गया हैं। बड़े भाई खुमान सिंह देशमुख ने तोमन के मौत के लिए सीधे दुर्ग पॉलीक्लीनिक के प्रवीण श्रीवास्तव पर हत्या का आरोप मढ़ा हैं। आरक्षक बड़े भाई ने आरोप लगाया है कि वेतन के विवाद के चलते प्रवीण श्रीवास्तव ने तोमन की पिटाई कर दी थी। जिससे तोमन के सिर पर गंभीर चोंटे आई थी। यही चोंटे बाद में तोमन की मौत का कारण बनी। फिलहाल तोमन की मौत का मामला कोतवाली पुलिस की जांच में हैं। पुलिस को पोष्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार हैं। जिसके बाद ही मामले का वास्तविक स्थिति सामने आ पायेगा।
पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक तोमनलाल देशमुख 40 वर्ष मूलरुप से बुरहानपुर भरदाकला थाना अर्जुन्दा का निवासी था। वर्तमान में तोमन दुर्ग में अपने बड़े भाई खुमान सिंह देशमुख के साथ न्यू पुलिस लाईन में निवासरत था। तोमन पॉलीटेक्नीक कालेज के सामने स्थित दुर्ग पॉलीक्लीनिक में वार्डब्वाय का काम करता था। बताया गया हैं दुर्ग पॉलीक्लीनिक में वार्डब्वाय तोमन लाल देशमुख का वेतन 3 हजार रुपए था। लेकिन उसे 27 सौ रुपए ही दिया जा रहा था। जिससे तोमन लाल परेशान था।
अपने कम मिलने वाले वेतन के संबंध में तोमन ने दुर्ग पॉलीक्लीनिक के प्रवीण श्रीवास्तव से चर्चा की और अधिक वेतन देने की भी मांग की। लिहाजा दोनों के बीच विवाद भी हुआ था। बताया गया हैं 19 मार्च की शाम विवाद के दौरान प्रवीण श्रीवास्तव ने तोमन की पिटाई कर दी थी। जिससे तोमन के सिर पर गंभीर चोंटे आई थी। घर लौटने पर तोमन ने मारपीट की घटना से अपने बड़े भाई खुमान सिंह देशमुख व परिजनों को अवगत कराया था। रात में तोमन दवाई खाकर सो गया था। लेकिन 20 मार्च की सुबह तोमन को परिजनों ने बेहोश हालत में पाया। घबराए परिजनों ने उसे भिलाई के चंदूलाल चंद्राकर हॉस्पीटल में भर्ती करवाया। जहां इलाज के दौरान तोमन ने आज दम तोड़ दिया। मृतक तोमन विवाहित था और न्यू पुलिस लाईन में अपने बड़े भाई खुमान सिंह के साथ निवासरत था। बड़ा भाई खुमान सिंह देशमुख पुलिस विभाग में आरक्षक हैं। तोमन की मौत के लिए उसके भाई खुमान सिंह व परिजनों ने दुर्ग पॉलीक्लीनिक के प्रवीण श्रीवास्तव को जिम्मेदार ठहराया हैं। खुमान ने इसकी शिकायत कोतवाली थाने में भी दर्ज करवाई हैं। बहरहाल कोतवाली पुलिस ने मर्गकायम कर मामले को जांच में लिया हैं। पोष्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मामले से पर्दा उठ सकेगा।

०००

रामनवमीं पर भव्य शोभायात्रा कल

दुर्र्ग, 23 मार्च। रामनवमीं पर कल 24 मार्च को रामउत्सव मनाने रामनवमीं उत्सव समिति की बैठक जलपरिसर में संपन्न हुई। रामनवमीं पर कल शहर में भव्य शोभायात्रा निकाली जायेगी। शोभायात्रा में सांसद सरोज पांडेय,महापौर डॉ. शिवकुमार तमेर,सभापति देवनारायण तांडी समेत भाजपा के अन्य वरिष्ठ नेता शामिल होंगे। संध्या 4 बजे भव्य शोभायात्रा रेल्वे स्टेशन आमदी मंदिर के सामने से प्रारंभ होगी। शोभायात्रा का समापन संध्या 6 बजे पुराना बस स्टैंड में होगा। पुराना बस स्टैंड में शोभायात्रा के बाद प्रख्यात भजन सम्राट प्रभंजय चतुर्वेदी द्वारा भजन संध्या की प्रस्तुति दी जायेगी। इस दौरान सैकड़ों लोगों द्वारा एक साथ वहां आरती किया जायेगा। रामनवमी उत्सव समिति के संयोजक शिव चंद्राकर ने बताया कि संध्या 4 बजे आमदी मंदिर रेल्वे स्टेशन के सामने भगवान रामचंद्र की पूजा अर्चना के बाद भव्य शोभायात्रा प्रारंभ होगी। शोभायात्रा में भव्य रथ में भगवान राम की मूर्ति व आकर्षक झांकी आकर्षण का केन्द्र रहेगी। शोभायात्रा में बाजे-गाजे व डीजे की धुन विशेष छटा बिखेरेगी। शोभायात्रा के स्वागत के लिए भक्तों द्वारा जगह-जगह स्वागतद्वार बनाए गए हैं। उन स्वागतद्वारों के पास शोभायात्रा में शामिल लोगों के जलपान की व्यवस्था भी की गई हैं। बैठक में दिनेश देवांगन, भूपेन्दर सिंह, दीपक देवांगन, शेखर चंद्राकर,सुरेन्द्र बजाज, समेत अन्य पदाधिकारी मौजूद थे।

०००

जवांरा का विसर्जन कल

दुर्ग, 23 मार्च। चैत्र नवरात्र के अवसर पर मंदिरों और घरों में रखे गये जोत जवांरा का कल 24 मार्च को विसर्जन होगा। निगम क्षेत्र के प्रमुख तालाबों में लोग ज्योति कलश और जवांरा का विसर्जन करते हैं। जिसे देखते हुए महापौर डॉ. शिव कुमार तमेर ने स्वास्थ्य विभाग अधिकारी को उन सभी तालाबों में चूना, फिनाईल आदि डालकर की साफ-सफाई करने का निर्देश दिये। उन्होने अधिकारियों को नियमित कार्य के अलावा इस कार्य को प्राथमिकता से पूरा कर अवगत कराने कहा हैं। चैत्र नवरात्र पर्व नगर में धूमधाम से मनाया जा रहा हैं। वार्ड और मोहल्ले के प्रख्यात मंदिरों में माता का जोत और जवांरा स्थापित किया गया हैं। कल पर्व का अंतिम दिन हैं और श्रद्धालु भक्तगणों द्वारा स्थापित ज्योति कलश और जवांरा को विभिन्न तालाबों में विसर्जित किया जावेगा। जिसे देखते हुए पटरीपार क्षेत्र के कातुलबोर्ड में स्थित शीतला तालाब, दीपक नगर में स्थित पुजेरी और रेवा तालाब, शक्तिनगर तालाब, सतरुपा शीतला तालाब, पोटिया रोड स्थित तालाब, लुचकी तालाब, टप्पा तालाब, कोष्टा तालाब आदि की सफाई कर चूना ब्लीचिंग, फिनाइल का छिड़काव किया गया।

०००

होटलकर्मी के हत्यारों का सुराग नहीं

दुर्ग, 23 मार्च। कसारीडीह सड़क नं.-3 बेरपारा निराला चौक निवासी अजाबराव राऊत 72 वर्ष पिता भगवंत राव राऊत के हत्यारों का आज पुलिस को दूसरे दिन भी कोई सुराग नहीं मिल पाया हैं। हालांकि पुलिस आरोपियों तक पहुंचने सक्रियता से हाथ-पांव मार रही हैं। लेकिन सुराग के अभाव में पुलिस बेबस नजर आ रही हैं। पुलिस को संदेह हैं कि अजाब राव राऊत की लूट की नीयत से निर्मम हत्या की गई होगी। हत्या के संदर्भ में पुलिस ने सुराग जुटाने डाक स्काव्ड की भी मदद ली थी। खोजी कुत्ता घटना स्थल से डीपरापारा की ओर गया था। घटनास्थल केलाबाड़ी स्थित प्रज्ञापिता ब्रह्मकुमारी ईश्वरीय विश्वविद्यालय के पीछे का हिस्सा डीपरा पारा से काफी नजदीक हैं। आरोपियों तक पहुंचने पुलिस ने डीपरापारा व आसपास के क्षेत्रों में सघन पूछताछ की। लेकिन पुलिस को कोई सफलता प्राप्त नहीं हुई हैं।
पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक कसारीडीह सड़क-3 बेरपारा निराला चौक निवासी अजाब राव राऊत 72 वर्ष की सोमवार को सुबह केलाबाड़ी स्थित प्रज्ञापिता ब्रह्मकुमारी ईश्वरीय विश्वविद्यालय के पीछे शव बरामद किया गया था। मृतक का शव केलाबाड़ी स्थित गजानन साहू व ईस्माइल चौहान के मकान के बीच बने नाली में पड़ा हुआ था। सिर पर भारी पत्थर का वार अजाबराव राऊत की मौत का कारण बना। हत्या उपरांत हत्यारों ने मृतक अजाब राव का पेंट व अंडरवियर निकालकर फेंक दिया था। जिससे शव अद्र्धनग्न पड़ा हुआ था। बताया गया हैं मृतक अजाब राव राऊत पुराना बस स्टैंड स्थित डिम्पल होटल में काम करता था। 21 मार्च की सुबह अजाब राव होटल में काम करने गया था। लेकिन रात 10 बजे तक वह वापस घर नहीं लौटा था। इससे चिंतित परिजनों ने अजाब राव की खोजबीन की थी। होटल में पता करने पर परिजनों को जानकारी हुई कि रात 10 बजे वह घर जाने के लिए निकल गया था। बीती रात अजाब राव घर नहीं पहुंचा। जिससे परिजनों की चिंता और बढ़ गई थी। इस बीच सोमवार की सुबह परिजनों को खबर हुई कि केलाबाड़ी में एक व्यक्ति का शव मिला हैं। खबर पर पुत्र सुनील राऊत ने मौके पर पहुंचकर शव को अपने पिता अजाब राव राऊत के रुप में शिनाख्त की।

०००

कन्या भोज के साथ मनी अष्टमीं

दुर्ग, 23 मार्च। चैत्र नवरात्रि के अष्टमी के दिन आज मंदिरों में जहां भक्तों का तांता लगा रहा। वहीं मंदिरों में कंवारी कन्याओं को भोजन कराया गया। दुर्गाअष्टमीं की पूजा समाप्ति के बाद मंगवार को ही रात्रि 2 बजे के बाद हवन प्रारंभ होकर जो बुधवार को ब्रम्ह मुर्हुत में 4 बजे पूर्णाहुति होगी।
शक्ति की आराधना के पर्व नवरात्रि पर नौ दिनों तक आदि शक्ति की पूजा अर्चना में जुटे श्रद्धालुजन विभिन्न देवी मंदिरों में हवन-पूजन के लिए बड़ी संख्या मे जुटेंगे। शहर के मां चडिका मंदिर, सिविल लाइन स्थित मां शीतला सतरूपा मंदिर, बैगापारा स्थित शीतला मंदिर, पंचमुखी हनुमान मंदिर, गंजपारा स्थित शक्तिचौरा दुर्गा मंदिर सहित अन्य देवी मंदिरों में शुभ मुर्हुत पर हवन-पूजन की तैयारियां की गई है। दुर्गाअष्टमीं के दिन आज जहां देवी मंदिरों में विशेष पूजा अर्चना की गई ,वहीं कंवारी कन्याओं को भोजन खिलाया गया। पुजारियों के अनुसार दुर्गाअष्टमीं रात्रि 3.43 मिनट तक है इसलिए मुहुर्त को देखते हुए हवन कार्य रात्रि 2 बजे के बाद प्रारंभ किया जाएगा।

000

विष्णु गायत्री महायज्ञ का कल समापन

दुर्ग, 23 मार्च। तीर्थराज देवी निकुंभला धाम व जयशक्ति आश्रम निकुम में आयोजित विष्णु गायत्री महायज्ञ का कल 24 मार्च रामनवमी के दिन समापन होगा। पूर्णाहूति के बाद सायंकाल 5 बजे 1008 जोयति कलश व महायज्ञ स्थल में स्थापित मूर्तियों के विसर्जन के लिए विशाल शोभायात्रा निकाली जाएगी। मां निकुंभला के प्रसन्नार्थ आयोजित यह महायज्ञ नवरात्र के पहले दिन से प्रारम्भ हुआ है। महायज्ञ को संत श्री माताजी सम्पन्न करा रहे हैं। विसर्जन व शोभा यात्रा के दौरान जुटने वाली भीड़ को देखते हुए अंडा थाना पुलिस द्वारा सुरक्षा के विशेष प्रबंध किए जा रहे हैं।

०००

नगर निगम निजीकरण की ओर अग्रसर

दुर्ग, 23 मार्च। नगर निगम के नए महापौर डा शिव तमेर की कार्यशैली से सत्तारूढ़ दल के पार्षद असंतुष्ट चल रहे हैँ। निगम के नवनिर्वाचित महापौर व उसी दल के पार्षदों के बीच तालमेल बैठना तो दूर, सार्वजनिक विरोध का सिलसिला शुरू हेा गया है। यह कहना गलत नहीं होगा, कि निगम में काबिज भाजपा नेताओं के बीच चल रहा अंतर्कलह सड़क पर आने लगा है।
जानकारों की माने, तो आगामी दिनों में भाजपा की आंतरिक गुटीय संघर्ष और भी गहराएगा, तब स्थानीय स्तर के नेताओं के हस्ताक्षेप भी बेमानी हो जाएगा और मसला ऊ पर तक जाएगा। ताजा मसला निगम में राजस्व वसूली के कार्य को ठेके पर दिये जाने संबंधी निर्णय से उठा है। इसमें वसूलीकर्ता स्वयं टैक्स का निर्धारण भवन-भूमि स्वामी से राशि वसूल करेेंगे। इस निर्णय का खिलाफत करते हुए एमआईसी सदस्य आशुतोष सिंह ने खुले तौर पर आरोप लगाया है कि नगर निगम निजीकरण की ओर अग्रसर है। पार्षद एवं अपील समिति के सदस्य आशुतोष सिंह ने महापौर परिषद के उक्त निर्णय की सफलता पर संदेह जताते हुए अपने वक्तव्य में कहा है कि निगम द्वारा पहले भी सफाई कार्य को ठेके पर दिया गया, उसका परिणाम सबके सामने है।
श्री सिंह ने आगे कहा कि जल गृह विभाग में मजदूर,बोरिंग रिपेयरिंग, फायर बिग्रेड जैसे कार्य भी निजी ठेके पर चल रहा है। 21 मार्च को हटरी बाजार में लगी आग उसी की परिणति है। फायर बिग्रेड के लिए निगम में संपर्क करने पर पता चला कि वाहन खराब है तथा ठेके पर कार्यरत् अप्रशिक्षित मजदूर उपलब्ध नहीं है। इसी प्रकरण सिक्योरिटी गार्ड जिन्हेें देखने पर लगता है कि ये अपनी सुरक्षा भी कर पायेंगे या नहीं, वे निगम संपत्ति की रक्षा किस तरह करेेंगे?
राजस्व वसूली तीन प्रतिशत कमीशन के आधार पर ठेके पर दिया जा रहा है, जिसमें एजेंट ज्यादा से ज्यादा कमीशन पाने के चक्कर में भूमि स्वामियों से अवैधानिक एवं जबरिया वसूली करेंगे। निगम को हर साल राजस्व प्राप्ति करीब पांच करोड़ रू संपत्ति कर, समेकित कर एवं जल कर के रूप में होती है7 उक्त कर की वसूली यदि ठेके पर एजेंट करने लगे, तो राजस्व (सहायक राजस्व निरीक्षक, राजस्व निरीक्ष एवं राजस्व अधिकारी) क्या काम करेंगे। निगम में साढ़े 9 सौ नियमिति कर्मचारी व करीब सवा सौ दैनिक वेतन भोगी कर्मचारी कार्यरत् हैं। आशुतोष सिंह का कहना है कि निगम कार्य को ठेके पर देकर क्या अपने कर्मचारियों की छटनी की योजना बना रहा है, क्योंकि इन कर्मचारियों को वेतन समय पर नहंी दिया जा पा रहा है। तब राजस्व वसूली ठेके पर देने पर स्थापना व्यय में वृद्धि नहीं होगी? या निगम कर्मियों का उपयोग बेगारी के रूप में लिया जाएगा।
श्री सिंह ने कहा कि संविधान के 73 वें व 74 वें संशोधन क पश्चात जो नगर निगम का रूप सामने आया है, उसकी धज्जियां उड़ाई गई है। यदि सभी कार्य ठेके पर प्राइवेट कराना है तो इस स्वयतशासी संस्था तथा परिषद का क्या औचित्य रह जाता है। निगम की चरमराती वित्तीय व्यवस्ािा को देखते हुए स्थापना व्यय कम करने पर बल देते हुए उन्होंने कहा कि फिजुलखर्ची बंद करनी चाहिए तथा निगम के कार्यों का आयुक्त द्वारा सतत मानिटरिंग भी होना चाहिए।

०००

पर्यटन की संभावनाओं पर हुई संगोष्ठी

दुर्ग, 23 मार्च। स्थानीय राजेंद्र पार्क में 'छत्तीसगढ़ में पर्यटन की संभावनाएं एवं पर्यावरणÓ विषय पर संगोष्ठी की गई। वक्ताओं में राखी यादव सरपंच पीपरछेड़ी, इंदु ढोके एवं पर्यावरण विद् गेंदलाल देशमुख, ज्ञानेश दुबे ने अपने विचार रखे। इस विषय पर बोलते हुए अजय दुबे (प्रभारी पर्यटन एवं संस्कृति, नपानि दुर्ग) ने पर्यटन की संभावनाओं एवं विकास हेतु अधोसंरचना विकसित करने की आवश्यकता पर बल देते हुए कहा कि जिस प्रदेश में आध्यात्मिक मंदिर डोंगरगढ़, रतनपुर और औद्योगिक मंदिर बीएसपी, एनटीपीसी कोरबा है। वहां पर्यटकों की कमी हो ही नहीं सकती। इस हेतु प्रदेश के मुखिया डा. रमन सिंह, पर्यटन मंत्री एवं स्थानीय सांसद सरोज पांडेय के प्रयासों का भी जिक्र करते हुए अजय दुबे ने पर्यावरण की रक्षा करते हुए पर्यटन विकास की बात कही और छातागढ़ को पर्यटन स्थल के रूप में विकसित करने का संकल्प लिया।

०००

संगीत परीक्षा की हुई समीक्षा

दुर्ग, 23 मार्च। गीतांजलि संगीत महाविद्यालय दुर्ग की शिक्षा समिति की बैठक संपन्न हुई। बैठक में सत्र 2009-10 की संगीत की फरवरी माह में संपन्न विश्वविद्यालयीन परीक्षा की समीक्षा की गई। संगीत विश्वविद्यालय द्वारा इस वर्ष परीक्षा में के. माधवी खैरागढ़ केंद्राध्यक्ष तथा भरतनाट्यम परीक्षक के रूप में ईला मुखर्जी, रायपुर शास्त्रीय गायन एवं सुगम संगीत झरना बघेल भिलाई कत्थक नृत्य, सत्यरंजन गंगेले आकाशवाणी रायपुर के तबला परीक्षक के रूप में नियुक्त किए गए थे। संगीत की विभिन्न पाठ्यक्रम में लगभग तीन सौ परीक्षार्थी सम्मिलित हुए। संगीत महाविद्यालय में 15 से 30 अप्रैल तक सायंकाल निशुल्क प्रशिक्षण शिविर आयोजित करने का निर्णय लिया गया, इसमें सुगम संगीत गीत, गजल, भजन एवं देशभक्ति गीतों का तथा लोकनृत्य का विशेष प्रशिक्षण दिया जाएगा। इनका प्रदर्शन संगीत महाविद्यालय की स्थापना दिवस 1 मई को किया जाएगा। संगीत महाविद्यालय में अप्रैल माह से गिटार आदि कुछ नए विषयों का प्रशिक्षण प्रारंभ करने का भी निर्णय लिया गया। अप्रैल माह से संगीत महाविद्यालय का भवन निर्माण कार्य भी प्रारंभ होने जा रहा है, जिसमें सर्वसुविधायुक्त सभागार की योजना है। बैठक में शिक्षण समिति में 15 वर्षों से लगातार सदस्य रहे लोगों को स्थापना दिवस के अवसर पर संस्थापक सदस्य के रूप में सम्मानित करने का निर्णय लिया गया।

०००

शहर गंभीर पेयजल संकट की ओर - कौशल

दुर्ग, 23 मार्च। शहर (जिला) पश्चिम ब्लाक कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष एडवोकेट कौशल किशोर सिंह ने कलेक्टर एवं महापौर दुर्ग का ध्यान आकर्षित करते हुए कहा कि इस वर्ष भीषण गर्मी प्रारंभ होने के बावजूद निगम प्रशासन की लापरवाही के फलस्वरूप पेयजल एवं निस्तारी का पानी शहरवासियों को मुहैय्या करवाने हेतु किसी भी प्रकार से कोई चाक-चौबंद व्यवस्था नहीं किया है। संपूर्ण 58 वार्ड के अधिकांश बोरिंग नल ग्रीसिंग आइलिंग साफ-सफाई के अभाव में या तो जाम है या तो बिगड़े पड़े हैं जो कि प्रत्यक्ष देखा जा सकता है।
भीषण गर्मी की प्रारंभिक अवस्था में अधिकांश वार्डों में नियमित रूप से पेय एवं निस्तारी जल निगम प्रशासन द्वारा मुहैय्या नहीं करवाने के कारण अभी से पानी के लिए वार्डों में सिर फुटव्वल की स्थिति निर्मित हो गई है। जिसके कारण अनावश्यक रूप से कोर्ट कचहरी पुलिसिया कार्यवाही के कारण बेवजह लोग झगड़े फसाद में फंस जाते हैं। उन्होंने कहा कि संपूर्ण शहर में अधिकांश सार्वजनिक नल टोटीविहीन होने के कारण हजारों गेलन पानी निरर्थक में नालियों में बहता देखा जा सकता है। नल नियमित रूप से खुल नहीं रहे हैं। नलों में पानी की धार पतली हो गई है। शहर में कई जगह मेन पेयजल पाईप लाइन लिकेज है जो कि शिकायत के बाद भी सुधारी नहीं जाती।
लुचकी चौक त्रिमूर्ति दुर्गा चबूतरा के सामने निरर्थक में पिछले कई वर्षों से आठ-दस टैंकर पानी प्रतिदिन नाली में बहते प्रत्यक्ष रूप से देखा जा सकता है। शहर में स्थित अधिकांश पानी टंकियों की सफाई में लापरवाही के कारण लोगों को इस भीषण गर्मी में मजबूरन दलदल, कीचडय़ुक्त पानी पीने के लिए मजबूर होना पड़ सकता है। लोग इस बात को भूल नहीं पाए हैं कि पिछले वर्ष फरवरी माह में संपूर्ण शहर में बदबूनुमा गंदा पानी निगम प्रशासन के लापरवाही के फलस्वरूप नलों के माध्यम से मुहैय्या हो गया था। आनन-फानन में लाउड स्पीकर से मुनादी के पश्चात प्रदूषित पानी के उपयोग से लोगों को बचाया गया।
अन्यथा शहर में महामारी फैलने की पूर्ण संभावना थी। श्री सिंह ने कहा कि शहर के अधिकांश वार्डों में प्रदूषित पानी मुहैय्या के कारण लोगों को आंत्रशोथ, हैजा, टाइफाइड, वायरल हेपेटाइटिस बीमारी से निगम प्रशासन के उक्त लापरवाहीपूर्ण कृत्य के कारण जानलेवा बीमारी से जूझने से लोगों को अनावश्यक रूप से प्रतिवर्ष इस भीषण गर्मी में परेशानियों का सामना करना पड़ता है, जिस पर जनहित में स्वास्थ्य एवं जानमाल की सुरक्षा के लिए उपरोक्त समस्या पर त्वरित ध्यान देने की मांग है।

०००

राम नवमीं पर प्रभातफेरी

दुर्ग, 23 मार्च। सिंधुड़ी सेवा समिति द्वारा कल रामनवमीं के अवसर पर प्रभातफेरी निकाली जाएगी। समिति के मोहनलाल केसवानी ने बताया कि श्रद्धालु सुबह 5.30 बजे सिंधी पंचायत शदाणी नगर में एकत्र होंगे।
इसके पश्चात भगवान श्रीराम के जयघोष के साथ प्रभातफेरी प्रारंभ होगी। प्रभातफेरी सिंधी गुरुद्वारा से दुर्गा मंदिर वार्ड 26, बाबा आसूदाराम मंदिर, शीतल एसएसडी धाम आश्रम, दिक्षीत कालोनी, हेमू कालोनी, गुरुनानक नगर, अमर शहीद संत कंवर राम नगर होते हुए सिंधु भवन होते हुए धर्मार्थ पैथालाजी वार्ड 24, संत आसुदाराम मार्ग से अमर जल ज्योति मार्ग से बड़े झूलेलाल मंदिर में वापसी कर पूजा-पाठ तथा अरदास होगी। तत्पश्चात प्रसाद वितरण किया जाएगा।

०००

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें