रविवार, 4 अप्रैल 2010

84 अतिक्रमणकारियों पर गिरी गाज

दुर्ग, 4 अप्रैल। जिला प्रशासन के निर्देश पर सड़क चौड़ीकरण के लिहाज से आज पटेल चौक से पुरानी गंजमंडी तक सड़क के दोनों ओर फुटपाथ से लगे छोटे दुकानदारों के कब्जे हटाए। अतिक्रमण विरोधी कार्यवाही के दौरान व्यवसाईयों ने हल्का-फूल्का विरोध भी जताया। लेकिन तोडफ़ोड़ दस्ते के सामने उनकी एक न चली और उनके कब्जे हटाए गए। जबकि कई व्यवसाईयों ने अपना अतिक्रमण स्वयं हटा लिया। व्यवसाईयों के समर्थन में सामने आए कांग्रेस के पूर्व पार्षद मनोज चंद्राकर के साथ एक पुलिस अधिकारी द्वारा दुव्र्यवहार करने की घटना भी सामने आई हैं। जिससे मौके पर कांग्रेसी भी बड़ी संख्या में पहुंचे थे। कार्यवाही से व्यवसाईयों में आक्रोश हैं। कार्यवाही में 84 छोटे दुकानदार प्रभावित हुए हैं। हालांकि अतिक्रमण हटाओं कार्यवाही के पूर्व नगर निगम ने छोटे व्यवसाईयों को अतिक्रमण हटाने की नोटिस भी जारी की थी। मानवीय संवेदना को ध्यान में रखते हुए महापौर डॉ. शिवकुमार तमेर ने इन व्यवसाईयों के साथ एक बैठक भी की थी। बैठक में महापौर ने व्यवसाईयों से कहा था कि आप लोगों का व्यवस्थापन गंजपारा स्थित भारतीय स्टेट बैंक के पीछे मुख्यमंत्री स्वावलंबन योजनांतर्गत निर्मित दुकानों में किया जायेगा। बैठक के दौरान व्यवसाईयों ने निगम के दुकानों में जाने की सहमति जताई थी। लेकिन बाद में व्यवसायी मुकर गए। व्यवसाईयों ने निगम द्वारा भेजे गए नोटिस का कोई जवाब नहीं दिया। लिहाजा आज निगम व पीडब्ल्यूडी के अमले को मजबूरन अतिक्रमण हटाने के लिए बाध्य होना पड़ा। कार्यवाही में फुटपाथ पर व्यवसाय संचालित करने वाले करीब 84 दुकानदार प्रभावित हुए हैं। अतिक्रमण हटाने में नगर निगम की दो डम्पर, दो ट्रेक्टर, एक जेसीबी मशीन, एक ट्रेक्टर ट्राली का उपयोग किया गया। जिसमें करीब 35 से 40 मजदूर जुटे। इस दौरान नगर निगम के कार्यपालन अभियंता आर.के. साहू, सहायक अभियंता ए.के. दत्ता, आर.के. जैन, जिला प्रशासन की ओर से तहसीलदार यू.एस. अग्रवाल, श्री खान,पुलिस प्रशासन की ओर से सीएसपी राकेश भट्ट, डीएसपी अंशुमन सिसौदिया एवं बड़ी संख्या में पुलिस बल मौजूद थे।

०००

दुर्ग प्रेस क्लब के देवांगन अध्यक्ष, चंदेल महासचिव

दुर्ग, 04 अप्रैल। दुर्ग प्रेस क्लब के आज सम्पन्न हुए चुनाव में नरेश देवांगन अध्यक्ष निर्वाचित हुए। महासचिव के पद पर धनेन्द्र सिंह चंदेल निर्विरोध चुने गए। जबकि देवीलाल साहू व नरेश सोनी उपाध्यक्ष निर्वाचित हुए। कोषाध्यक्ष का पद सुनील शर्मा के खाते में गया। जबकि गोविंदा बेलचंदन निर्विरोध सहसचिव बने।
दुर्ग प्रेस क्लब का चुनाव आज इंदिरा मार्केट स्थित सोनाली रेस्टारेंट के हॉल में सम्पन्न हुआ। सुबह 10 से 11 बजे के बीच विभिन्न पदों के दावेदारों ने नामांकन पत्र दाखिल किए। इन नामांकन पत्रों की जांच के पश्चात 12 बजे तक नाम वापसी का वक्त नियत किया गया था। किन्तु किसी भी प्रत्याशी ने अपना नाम वापस नहीं लिया। इसके पश्चात चुनाव अधिकारी पत्रकार संतोष मिश्रा ने महासचिव पद पर धनेन्द्र सिंह चंदेल एवं सहसचिव पद पर गोविंदा बेलचंदन के निर्विरोध निर्वाचन की घोषणा की। इन दोनों पदों के लिए एक-एक दावेदार ही सामने आए थे। दोपहर 12 बजे 1 बजे के बीच मतदान सम्पन्न हुआ। जिसके तत्काल बाद मतगणना की गई। 56 सदस्यीय दुर्ग प्रेस क्लब में 2 सदस्यों की गैर मौजूदगी में 54 सदस्यों ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। अध्यक्ष पद के तीन, उपाध्यक्ष के तीन एवं कोषाध्यक्ष के लिए भी तीन-तीन दावेदार सामने थे। जिनमें अध्यक्ष पद के लिए नरेश देवांगन (35 मत) विजयी घोषित किए गए। उपाध्यक्ष के लिए देवीलाल साहू (42 मत) एवं नरेश सोनी (35 मत) निर्वाचित हुए जबकि कोषाध्यक्ष के लिए सुनील शर्मा (28 मत) विजयी हुए। कोषाध्यक्ष पद के लिए की गई वोटिंग में 2 मत अवैध घोषित किए गए।

०००

अमरकंटक में अतिरिक्त कोच

दुर्ग, 04 अप्रैल। दक्षिण पूर्व मध्य रेल्वे से गुजरने वाली अधिकांश ट्रेनों में से दुर्ग-भोपाल अमरकंटक एक्सप्रेस में सर्वाधिक भीड़ है। इसके मद्देनजर लंबी वेटिंग लिस्ट को खत्म करने व मुसाफिरों को राहत देने के लिए रायपुर रेल मंडल ने यहां से संचालित दो प्रमुख ट्रेनों में अतिरिक्त कोच लगाने की घोषणा की है।
जानकारी के मुताबिक रेल मंडल से होकर गुजरने वाली और यहां से संचालित लंबी दूरी की अधिकांश ट्रेनों में स्लीपर, वातानुकुलित शयन यान की सभी सीट बर्थ आरक्षित हो चुकी है। रेल मंडल के मुताबिक आधा दर्जन एक्सप्रेस व सुपरफास्ट गाडिय़ों में तो नौ रूम की स्थिति आ गई है। जबकि बकाया ट्रेनों में प्रतीक्षा सूची का ग्राफ स्लीपर में १०० को पार कर गया है। वहीं थर्ड एसी, सेकेंड एसी और एसी फस्र्ट में ३४ से तक आरक्षण का अकाल ला दिया है। गौरतलब है कि बिलासपुर , रायपुर और नागापुर रेल मंडल को बिलासपुर जोन ने अतिरिक्त कोच लगाने के निर्देश दिया था। इसलिए यात्रियों को राहत भरा सफर देने उद्देश्य से अतिरिक्त कोच की वैकल्पित व्यवस्था लगातार की जा रही है। इसी तारतम्य में आज रेल मंडल रायपुर के दुर्ग स्टेशन से चलने वाली दुर्ग भोपाल अमरकंटक एक्सप्रेस में पूरे छह दिनों तक वेटिंग क्लियर करने एक अतिरिक्त कोच लगाने का निर्णय लिया है। जबकि दुर्ग से ही संचालित हजरत निजामुद्दीन जाने वाली संपर्क क्रांति टे्रन में भी सोमवार को एक अतिरिक्त कोच लगाने की तैयारी में है। रेल सूत्रों के मुताबिक सीजन में घर जाने वाले मुसाफिरों को आरामदायक सफर के लिए यह प्रसास किया जा रहा है।

०००

शबाब पर गर्मी

दुर्ग, 04 अप्रैल। अप्रैल माह के शुरूआत से निरंतर बढ़ रहे तापमान से ट्विनसिटी भी अछूती नहीं है। पूरा जिला आग उगलती भीषण गर्मी से तपने लगा है। राजस्थान की ओर से आ रही गर्म हवाओं से दिन के तापमान के साथ ही रात भी गर्म हो गई हैं।
इस माह के शुरूआती तीन दिनों में तापमान में लगातार वृद्धि हो रही है। मौसम विभाग के अनुसार उत्तरी पश्चिम दिशा से शुष्क एवं गर्म हवाों के आने से इसमें और बढ़ोत्तरी की संभावना है। गर्मी अब पूरे शबाब पर पहुंच चुकी है। तापमान में हो रही वृद्धि से दिन को जहां झुलसाने वाली गर्मी पड़ रही है वहीं रातें भी गर्म हो गई है जिससे लोग बेचैनी महसूस करने लगे हैं। मौसम विशेषज्ञों के अनुसार तापमान में लगातार वृद्धि से गर्मी अब असहनीय होने लगा है। वातावरण में धीरे-धीरे नमी की मात्रा कम हो रही है जिसके कारण गर्मी का अहसास और बढ़ता जा रहा है। वातावरण में सुबह 36 फीसदी के आसपास नमी दर्ज की जा रही थी जो घटकर अब मात्र 22-23 फीसदी रह गई। प्रदेश के अंबिकापुर पेंड्रारोड और रायपुर में अधिकतम तापमान सामान्य से तीन से चार डिग्री तक अधिक दर्ज किया गया फिलहाल प्रदेशवासियों को लू से राहत है लेकिन आने वाले दिनों में मुश्किल बढ़ेगी। मौसम विभाग के सहायक मौसम वैज्ञानिक पीआर वर्मा ने बताया कि इन दिनों उत्तर भारत सहित राजस्थान में काफी गर्मी पड़ रही है। प्रदेश में उत्तर पश्चिम दिशा से गर्म एवं शुष्क हवाएं आ रही है। जिसके कारण तापमान बढ़ रहा है। फिलहाल कोई सिस्टम नहीं है इसे देखते हुए आगामी दिनों में तापमान में और वृद्धि होने की संभावना है।

०००

प्राकृतिक चिकित्सा का महत्व बढ़ा- डॉ. रमन
नवनिर्मित महावीर प्राकृतिक एवं योग विज्ञान चिकित्सा महाविद्यालय लोकार्पित

दुर्ग, 4 अप्रैल। मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह ने आज दुर्ग जिले के ग्राम नगपुरा में नव-निर्मित महावीर प्राकृतिक एवं योग विज्ञान चिकित्सा महाविद्यालय भवन का लोकार्पण किया। इस अवसर पर प्रदेश के लोक निर्माण और स्कूल शिक्षा मंत्री बृजमोहन अग्रवाल भी उपस्थित थे। महाविद्यालय भवन लोकार्पित करने के पूर्व उन्होंने राष्ट्र संत जैनाचार्य परम पूज्य पद्मसागर सूरी जी को प्रणाम कर प्रदेश की दो करोड़ से अधिक आबादी की खुशहाली के लिए उनसे आशीर्वाद मांगा।
मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर आयोजित समारोह को सम्बोधित करते हुए कहा कि आज देश और दुनिया में प्राकृतिक चिकित्सा का महत्व बढ़ता ही जा रहा है। लोगों का रूझान चिकित्सा की इस पुरातन पध्दति की ओर फिर से होने लगा है। महाविद्यालय के विद्यार्थियों के बेहतर केरियर के लिये यह एक शुभ संकेत है। मुख्यमंत्री डॉ. सिंह ने राष्ट्र संत जैनाचार्य जी और उनके शिष्यगणों का नगपुरा प्रवास पर हार्दिक स्वागत और अभिनंदन करते हुए कहा कि जैनाचार्य पद्मसागर सूरी जी के यहां आगमन से हम उनके सानिध्य में प्राकृतिक चिकित्सा के क्षेत्र में और बेहतर काम कर सकेंगे। मुख्यमंत्री ने बताया कि छत्तीसगढ़ में समन्वित चिकित्सा की व्यवस्था की जा रही है तथा आयुष के माध्यम से कार्य प्रारम्भ है। इसमें प्राकृतिक चिकित्सा को भी जोड़ा जायेगा।
डॉ. रमन सिंह ने नगपुरा की ऐतिहासिक पृष्ठभूमि पर प्रकाश डालते हुए कहा कि यह स्थल आज से नहीं सैकड़ों, हजारों साल से जागृत रहा है। ऐसे स्थल में जो भी काम प्रारम्भ हुआ है वह अवश्य पूर्ण होता है। शिवनाथ नदी के तट का यह पवित्र स्थल है जहां भगवान पार्श्वनाथ ने नदी के पवित्र जल का आचमन किया। कलचुरी वंश के शासकों ने यहां भगवान की चरण पादुका स्थापित की, जिसकी यश, कीर्ति देश-दुनिया तक पहुंचाने का काम यहां के लोग कर रहे हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्राकृतिक चिकित्सा महाविद्यालय लोगों के इस काम में सहायक बनें, साथ ही इस महाविद्यालय का और विस्तार हो। उन्होंने इस पुनीत कार्य से जुड़े लोगों को अपनी शुभकामनाएं दी।
लोक निर्माण मंत्री बृजमोहन अग्रवाल ने अपने संक्षिप्त उद्बोधन में कहा कि छत्तीसगढ़ राज्य का यह सौभाग्य है कि जैन तीर्थों की श्रृंखला में नगपुरा का नाम पूरे देश में जाना जाता है। उन्होंने कहा कि प्राकृतिक चिकित्सा आज की आवश्यकता है। धर्म और अध्यात्म के लिए नगपुरा में सराहनीय प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ की धरती से जो प्राकृतिक चिकित्सा प्रारम्भ हुई है। उसे पूरे देश में मान्यता मिले।
इससे पहले मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह और लोक निर्माण मंत्री बृजमोहन अग्रवाल ने राष्ट्र संत जैनाचार्य परम पूज्य पद्म सागर सूरी को काम्बली ओढ़ाकर सम्मान किया। मुख्यमंत्री ने संस्था की ओर से प्राकृतिक चिकित्सा के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य करने वाले चिकित्सकों को शाल, प्रशस्तिपत्र व सम्माननिधि भेंट कर सम्मानित किया। उन्होंने महात्मा गांधी सेवा सम्मान डॉ. व्ही.ई. चिदानंद मूर्ति को, डॉ.वि_ल लाल मोदी स्मृति सम्मान डॉ. नगेन्द्र कुमार नीरज को तथा डॉ. वेंकटराव स्मृति सम्मान डॉ. सारंग को प्रदान किया।
कार्यक्रम के पश्चात मुख्यमंत्री डॉ. सिंह ने राष्ट्रसंत जैनाचार्य पद्म सागर सूरी जी के द्वारा दिये गये प्रवचन का श्रवण भी किया। रावलमल जैन मणी ने स्वागत भाषण दिया। उन्होंने नगपुरा महोत्सव आयोजन व प्राकृतिक चिकित्सा महाविद्यालय के संबंध में विस्तार से प्रकाश डाला। क्षेत्रीय विधायक श्रीमती प्रतिमा चन्द्राकर, विधायक डोमनलाल कोर्सेवाड़ा एवं भजन सिंह निरंकारी सहित पद्मसम्मान प्राप्त सुरेशचन्द्र चतुर्वेदी, माघव प्रकाश पाण्डेय और डॉ. अरूण दाबके सहित अनेक समाज सेवी तथा गणमान्य नागरिक बड़ी संख्या में लोग उपस्थित थे।

०००

साइंस कालेज में स्वामी विवेकानंद की आदमकद प्रतिभा का अनावरण

दुर्ग, 4 अप्रैल। साइंस कॉलेज दुर्ग में विगत दिनों स्वामी विवेकानंद की आदमकद प्रतिभा का अनावरण उच्च शिक्षा मंत्री हेमचंद यादव ने की। गेरुवे वस्त्र में हाथ बांधे एवं विशाल चट््टान पर खड़े इस प्रतिमा को जिसनें भी देखा उसकी तारीफ किये बिना नहीं रहा। माना जा रहा है कि अंचल में स्वामी जी की यह सबसे सुन्दर प्रतिमा है। जिसका निर्माण भिलाई इस्पात संयंत्र के कलाकार लिम्का बुक ऑफ द रिकार्ड से सम्मानित अंकुश देवांगन ने किया है। पूर्व विधानसभा अध्यक्ष प्रेमप्रकाश पाण्डे ने इसे कॉलेज परिवार को भेंट दिया। जहां के वे भूतपूर्व छात्र भी रह चुके है। अनावरण बेला पर कॉलेज प्राचार्य नरेन्द्र दीक्षित, राजेन्द्र चौबे, प्रसिद्ध चित्रकार योगेन्द्र त्रिपाठी तथा बड़ी संख्या में कॉलेज के शिक्षक, शिक्षिका, छात्र तथा गणमान्य नागरिक मौजूद थे।

०००

पुलगांव में महिलाओं और बच्चों के लिए भवन का लोकार्पण

दुर्ग, 4 अप्रैल। पुलगांव वार्ड की धात्री महिलाओं और बच्चों के लिए महापौर डा. शिवकुमार तमेर ने आंगनबाड़ी भवन का लोकार्पण किए। महिला एवं बाल विकास विभाग के द्वारा उक्त भवन का निर्माण किया गया है। वार्ड पार्षद मोतीराम साहू तथा क्षेत्र की महिलाओं की मांग पर महापौर के द्वारा लोकार्पित भवन में क्षेत्र की आंगनबाड़ी केंद्र संचालित होगा। भवन के अभाव में शासन की कल्याणकारी योजनाओं के लाभ से यहां की धात्री महिलाएं और बच्चे वंचित हो रहे थे। लोकार्पण अवसर पर महिला एवं विकास विभाग प्रभारी श्रीमती मीना सिंह, लोक कर्म प्रभारी श्रीमती जयश्री जोशी, पार्षद मोतीराम साहू उपस्थित थे।
इस मौके पर महापौर डा. तमेर ने कहा कि पुलगांव वार्ड नगर निगम का ग्रामीण वार्ड है जहां सड़क, पानी, बिजली, सफाई जैसे कार्यों को प्राथमिकता से किया जा रहा है। वहीं शासन की योजना के तहत धात्री महिलाओं और पोषित/कुपोषित बच्चों को पोषाहार के माध्यम से पौष्टिक विटामिन युक्त आहार के साथ स्वास्थ्य संबंधी जानकारी व सुविधा की आवश्यकता को भवन से पूरा करेंगे। छोटे बच्चों की किलकारी यहां गूंजेगी उन्हें यहां स्वस्थ जीवन साफ-सफाई बताई जाएगी। धात्री महिलाओं को गर्भधारण के पश्चात उसकी सुरक्षा और खान-पान के बारे में बताया जाएगा। उन्होंने कहा जब स्वस्थ रहेंगे नौनिहाल तब राष्ट्र रहेगा समृद्ध खुशहाल। पहले स्थानीय निवासी के घर में आंगनबाड़ी केंद्र लगाया जा रहा था, वहां महिलाओं और बच्चों की उपस्थिति कम रहती थी। उन्होंने कहा कि किसी भी योजना और कार्य का क्रियान्वयन सब मिलकर करने से पूरा होता है, इसके लिए जरूरी है कि सभी लोग एक मंच एक स्थान पर एकत्र हों, विचार एक हो तभी कार्य सफल हो पाता है। उन्होंने वार्ड की आंगनबाड़ी कार्यकर्ता, सहायिका सहित समस्त लोगों को इसके लिए बधाई व शुभकामनाएं दी।
उन्होंने वार्ड में गौठान के पास से पार्षद निवास तक, शीतला मंदिर से मिनीमाता चौक तक, सतनामी मोहल्ला से निषाद मोहल्ला तक निगम द्वारा बनाए गए सड़क सीमेंटीकरण का भी अवलोकन किया। उन्होंने वार्ड के केसरवा तालाब में घाट निर्माण, पीचिंग कार्य कर सौंदर्यीकरण करने तथा वार्ड में नल-जल योजना के तहत कार्य कराए जाने की जानकारी दी। लोकार्पण अवसर पर पूर्व पार्षद खोरबाहरा राम निषाद, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता श्रीमती भगवती मिश्रा, वार्डवासी केसरी मेश्राम, गोदावरी साहू, गौतराम यादव, मनोहर साहू, धनंजय सिन्हा, ध्रुव यादव, संतराम निषाद, राजूलाल साहू, मनहरण साहू, कृष्णा ठाकुर, निशांत राजपूत, राम निषाद व वार्डवासी अधिक संख्या में उपस्थित थे।

०००

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें