शुक्रवार, 23 अप्रैल 2010

इतिहास को वर्तमान से जोडऩे का अनूठा प्रयास

भिलाई, २३ अप्रैल। नेलसन कालागृह ने सम्राट अशोक की आदकमद प्रतिमा निर्मित कर इस वीर पुरूष को इतिहास के   पन्नों से निकालकर उन्हें वर्तमान से जोडऩे का अनूठा प्रयास किया है। पदमश्री अलंकृत जे.एम.नेलसन के निर्देशन में बीते  दो माह में बनी यह प्रतिमा अब लोकापर्ण के इंतजार में है। 12 फीट उची यह प्रतिमा रामनगर आजाद चौक में स्थापित होनी है। स्थापना स्थल में फाऊंडेशन बनने के बाद  इस  खूबसूरत प्रतिमा को गंतव्य स्थल में रवाना किया जाएगा। फिलहाल इतिहास के इस अमर नायक की प्रतिमा नेलसन कालागृह में लोगों के आकर्षण का केंद्र बनी हुई है। देश में यह पहला मर्तबा है जब सम्राट अशोक की विशालकाय प्रतिमा बनाकर इतिहास के  इस अमर नायक को किताब के पन्नों से निकालकर वर्तमान से जोडऩे का अनूठा प्रयास किया गया है। स्थापना स्थल पर सम्राट अशोक नायक  के साथ 25  फीट उचां उनका विजयी  प्रतीक अशोक स्तंभ भी स्थापित किया जायेगा।
पदमश्री जे.एम. नेलसन ने कहा कि सत्ता व राजनीति से जुड़ी भारतीय संस्कृति जिन इतिहास पुरूषों की वजह से कालजयी  विश्व प्रसिद्ध  है। । सम्राट अशोक उन इतिहास पुरूषों की अग्रेणी पंक्ति में है। उनकी प्रतिमा सम्राट अशोक अकादमी के अध्यक्ष गुरू प्रसाद मौर्य की पहल पर बनाई गई है। श्री नेलसन ने बताया कि सम्राट अशोक का संपूर्ण जीवन उदम्य साहस पौरूष बल,और वीरता का प्रतीक है। हमारी चेतनाशील स्मृतियों में बसे वे इतिहास के ऐसे यशस्वी नायक है जिन्होंने अपने समय को अपनी उर्जावन उपस्थिति से सार्थक किया है वे अपने समय के एक ऐसे शासक और नेतृत्वकर्ता रहे जिनकी वीरगाथा ने अतीत के अध्याय को स्वर्णिम बनाया है। उनके सैन्य शासन काल की धरोहर अशोक स्तंभ आज हमारे राष्ट्र गौरव का प्रतीक है। सम्राट अशोक की दिव्य जीवंत प्रतिमा की स्थापना का सम्राट अशोक अकादमी का प्रयास निसंदेह प्रशसनीय है। मै इस विशेष अवसर पर अकादमी और इससे जुड़े कुशवाहा, मौर्य, मरार पटेल ज्योतबा फू ले  मेहता एवं समाज से जुड़े सभी वर्गो को बधाई देता हूँ। समाज के संगठित प्रयासों से छत्तीसगढ़ की नई पीढ़ी सम्राट अशोक की वीरगाथा से प्रेरित होकर नई दिशा पा सकेगी।

०००

मछली व्यवसायी की पिटाई के बाद जान से मारने की धमकी

दुर्ग, 23 अप्रैल। नयापारा देशी शराब भट्ठी के पास मछली बेचने वाले एक युवक की मामूली विवाद पर आरोपी लच्छू ढीमर 20 वर्ष पिता शांतिलाल सरस्वती नगर निवासी ने पिटाई कर दी। मारपीट के दौरान आरोपी ने पीडि़त के साथ गाली-गलौच करते हुए जान से मारने की धमकी भी दी। कोतवाली पुलिस ने आरोपी लच्छू के खिलाफ धारा 294,323 व 506 के तहत अपराध पंजीबद्ध किया हैं। आरोपी की फिलहाल गिरफ्तारी नहीं हो पाई हैं।
पुलिस के मुताबिक नयापारा केजू राईस मिल के पास रहने वाले भागवत ढीमर 22 वर्ष पिता शंकरलाल ढीमर मछली बेचने का काम करता हैं। आज सुबह वह मछली बेचने नयापारा स्थित देशी शराब भट्ठी के पास पहुंचा था और रोड किनारे दुकान लगाकर मछली बेच रहा था। तभी 10.15 बजे लच्छू ढीमर वहां आ धमका और भागवत ढीमर से जबरदस्ती विवाद पर उतारू हो उठा। जिस पर भागवत ने लच्छू के हरकतों पर विरोध दर्ज करवाया। लेकिन आरोपी लच्छू ने शांत होने के बजाय भागवत से गाली-गलौच करने लगा और उसकी पिटाई भी कर दी। मारपीट के बाद लच्छू ने भागवत को जान से मारने की भी धमकी दी। जिससे आहत भागवत ढीमर ने आज सुबह कोतवाली थाने पहुंचकर घटना की शिकायत दर्ज करवाई।

००००

अधिवक्ता को मेटाडोर ने ठोका

दुर्ग, 23 अप्रैल। अधिवक्ता विष्णु प्रसाद देवांगन 57 वर्ष गयानगर निवासी को एक अज्ञात मेटाडोर ने ठोकर मार दिया। हादसे में अधिवक्ता को चोंटे आई हैं। रिपोर्ट पर कोतवाली पुलिस ने अज्ञात मेटाडोर के लापरवाह चालक के खिलाफ धारा 279 व 337 के तहत अपराध दर्ज किया हैं।
पुलिस के मुताबिक अधिवक्ता विष्णु प्रसाद देवांगन 16 अप्रैल को 11 बजे घर से सायकल पर जिला न्यायालय आ रहा था। इस दौरान पटेल चौक में गंजपारा की ओर से आ रही एक अज्ञात मेटाडोर ने सायकल सवार अधिवक्ता को ठोकर मार दी। मेटाडोर की ठोकर से अधिवक्ता सायकल समेत गिर गया। हादसे में उसे चोंटे आई हैं। घटना के बाद अज्ञात मेटाडोर चालक वाहन समेत फरार हो गया। कोतवाली पुलिस ने मामला दर्ज कर मेटाडोर चालक की तलाश कर रही हंैं।

००००

इंश्योरेंस एजेंट की मोटर सायकल पार

दुर्ग, 23 अप्रैल। कसारीडीह आजाद  चौक गली नं.-4 निवासी प्रसन्ना अग्रवाल 33 वर्ष की मोटर सायकल चोरी चली गई। घटना पद्मनाभपुर स्थित एलआईसी आफिस के सामने की हैं। चोरी गए वाहन की कीमत 10 हजार रुपए आंकी गई हैं। कोतवाली पुलिस ने मामले में अज्ञात चोर के विरुद्ध धारा 379 के तहत अपराध दर्ज किया हैं।
पुलिस के मुताबिक कसारीडीह आजाद चौक निवासी प्रसन्ना अग्रवाल इंश्योरेंस का काम करता हैं। अपने काम के सिलसिले में वह 19 अप्रैल को दोपहर करीब 3 बजे हीरोहोण्डा पैशनप्लस मोटर सायकल क्र.सीजी 07 के 2563 से एलआईसी आफिस गया हुआ था। इस दौरान उसने अपनी मोटर सायकल एलआईसी आफिस के सामने खड़ी की थी। आफिस से काम निपटाकर वह कुछ देर बाद बाहर आया तो मोटरसायकल लापता मिली। प्रसन्ना ने पहले अपने स्तर पर मोटर सायकल की खोजबीन की। लेकिन मोटर सायकल का कुछ पता नहीं चलने पर उसने घटना की शिकायत कोतवाली थाने में की। मामले में कोतवाली पुलिस ने अज्ञात चोर के विरुद्ध अपराध दर्ज किया हैं।

०००

नवब्याहता की जलने से मौत

दुर्ग, 23 अप्रैल। नंदिनी थानांतर्गत ग्राम पथरिया में आज सुबह एक महिला की जलने से मौत हो गई। महिला ने खुदकुशी की या किसी हादसे का शिकार हो गई। फिलहाल इसका खुलासा नहीं हो पाया हैं। नंदिनी पुलिस ने मर्गकायम कर मामले को जांच में लिया हैं।
पुलिस के मुताबिक मृतका सुनीता बाई राऊत 25 वर्ष पति झरोखा राऊत ग्राम पथरिया की निवासी थी। बताया गया हैं कि आज सुबह सुनीता को परिजनों ने आग से घिरा पाया। आनन-फानन में परिजनों ने सुनीता के शरीर में लगी आग पर काबू पाया। जब तक सुनीता गंभीर रुप से झुलस चुकी थी। जिसे तत्काल जिला अस्पताल में उपचारार्थ भर्ती करवाया गया। चिकित्सक के मुताबिक सुनीता सौ फीसदी झुलस गई थी। करीब 8 बजे सुनीता ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। घटना के संबंध में परिजन भी कुछ प्रकाश नहीं डाल पा रहे हैं। नंदिनी पुलिस ने मामले की जांच शुरु कर दी हैं।

००००
 
डम्फर व टेम्पों में भिड़ंत: एक घायल

दुर्ग, 23 अप्रैल। केलाबाड़ी सुराना कालेज के पास टेम्पों व ट्रकडम्फर में भिड़ंत हो गई। हादसे में टेम्पों जहां बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया वहीं चालक को भी गंभीर चोंटे आई हंै। कोतवाली पुलिस ने मामले में दुलरवा राम कुर्रे 60 वर्ष पोटिया रोड कुंदरापारा निवासी की रिपोर्ट पर ट्रक डम्फर क्र. सीजी07 सी 6989 के अज्ञात चालक के विरुद्ध धारा 279 एवं 337 के तहत अपराध पंजीबद्ध किया हैं।
पुलिस के मुताबिक टेम्पों क्र.सीजी 07 जेड ए 1565 का चालक मन्नू धोबी डिपरापारा निवासी टेम्पों लेकर उतई रोड पर जा रहा था। वह सुराना कालेज के पास पहुंचा था इसी दौरान एक ट्रक डम्फर ने टेम्पों को जबरदस्त ठोकर मार दी। हादसे में टेम्पों का सामने का हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया। वहीं चालक को गंभीर चोंटे आने से जिला अस्पताल में भर्ती करवाया गया हैं। बताया गया हैं कि टेम्पों चालक मन्नू धोबी का बांया पैर फैक्चर हो गया हैं।

०००

1 टिप्पणी:

  1. सम्राट अशोक उन इतिहास पुरूषों की अग्रेणी पंक्ति में है। उनकी प्रतिमा सम्राट अशोक अकादमी के अध्यक्ष गुरू प्रसाद मौर्य की पहल पर बनाई गई है।

    जवाब देंहटाएं