रविवार, 25 अप्रैल 2010

फिंगर एक्सपर्ट व डॉग स्क्वाड ने जुटाए सुराग

भिलाई, 25 अप्रैल। हाऊसिंग बोर्ड कालोनी निवासी ट्रांसपोटर परमजीत सिंह भोगल और उसके भतीजे कुलदीप सिंह भोगल के निवास में शुक्रवार की दोपहर 15 लाख रुपए के सोने-चांदी के जेवरात और नगदी रकम चोरी के मामले में दो दिन बाद भी आरोपियों का कोई सुराग नहीं मिल पाया हैं। वारदात स्थल से फिंगर प्रिंट एक्सपर्ट व डॉग स्क्वाड के अधिकारियों ने कुछ सुराग जुटाए हैं, जो आरोपियों तक पहुंचने अहम् कड़ी साबित हो सकते हैं। रायपुर के फिंगर प्रिंट एक्सपर्ट श्री जैन को कुलदीप सिंह भोगल के आवास से पतली उंगलियों के निशान मिले हैं। जिसके आधार पर श्री जैन यह कहने की स्थिति में हैं कि वारदात में महिला या छोटे बच्चे भी शामिल हो सकते हैं। यह बात सामने आने से जांच अधिकारी इस दिशा में भी हाथ पैर मार रहे हैं। वहीं खोजी कुत्तों का दल घटनास्थल से एमपी क्रिश्चियन कालेज के हास्टल तक गया था। खोजी कुत्ते हास्टल के अंदर भी पहुंचा। लेकिन कुछ देर बार वह हास्टल के मुख्य द्वार पर स्थित एटीएम के पास रूक गया और वहां से वापस लौट आया। खोजी कुत्ते के इस रवैय्ये के आधार पर पुलिस अनुमान लगा रहा है कि संभवत: आरोपी हास्टल के भीतर तक गया होगा और उसने एटीएम का भी उपयोग किया। आरोपियों के जो फिंगर प्रिंट कुलदीप सिंह भोगल के घर से मिले हैं, वह परमजीत सिंह भोगल के घर पर नहीं थे। इससे आरोपियों की संख्या ज्यादा होने का अनुमान है और आरोपी दो गुटों में बंटकर चोरी की घटना को अंजाम दे रहे थे।
उल्लेखनीय है कि ट्रांसोपोटर परमजीत सिंह भोगल व कुलदीप सिंह भोगल का घर हाऊसिंग बोर्ड में आजू-बाजू में स्थित हैं। शुक्रवार को भोगल परिवार के एक सदस्य का तिलक समारोह रायपुर में आयोजित था। लिहाजा परमजीत व कुलदीप सपरिवार रायपुर गए हुए थे। दोनों का आवास सूना था। जिसका फायदा उठाते हुए अज्ञात चोरों ने चोरी की वारदात को इत्मिनान से अंजाम दी। वारदात के दौरान चोर करीब 15 लाख कीमत के सोने-चांदी के जेवरात व नगदी रकम पर हाथ साफ कर गए। बताया गया है चोरी के लिए आरोपियों ने बाउंड्रीवाल को लांघकर मेनगेट के ताले तोड़े। फिर घरों में घुसकर तीन अलमारियों के ताले तोड़कर चोरों ने लाखों की संपत्ति पर हाथ साफ किया। लाखों की संपत्ति में तीन लाख रुपए नगद शामिल हैं। घटना की जानकारी भोगल परिवार को शुक्रवार की दोपहर 3.30 बजे रायपुर से वापस लौटने पर हुई। परमजीत के घर से करीब 7 लाख का और कुलदीप के घर से 5 लाख का सोना और चांदी तथा दोनों के घरों से करीब 3 लाख की नगदी चोरी गई हैं। घटना की खबर से पुलिस महकमें में हड़कंप मच गया था। चोरों के संबंध में सुराग जुटाने खोजी कुत्ते व फींगरप्रिंट एक्सपर्ट की मदद ली गई। लेकिन इसका कोई खास लाभ पुलिस को नहीं मिल पाया।
दो संदिग्ध युवक पकड़ाए
हाउसिंग बोर्ड कालोनी में दिनदहाड़े दो घरों में एक साथ चोरी की घटना से क्षेत्र के लोग चौकस हो गए हैं। लोगों की जागरूकता का ही परिणाम है कि आज दोपहर हाउसिंग बोर्ड, चर्च रोड़ स्थित प्रताप सिंह के घर में संदिग्ध रूप से पकड़े गए दो युवकों की क्षेत्र के लोगों ने जमकर पिटाई कर जामुल पुलिस के हवाले कर दिया। बताया गया है कि प्रताप सिंह के घर की छत में एक युवक बैठा था, जबकि दूसरा युवक घर के सामने बाइक में सवार होकर खड़ा था। इससे क्षेत्र के लोगों का माथा ठनका और युवकों को पकडऩे की कुछ लोगों ने योजना बनाई। क्षेत्र के लोग भीड़ की शक्ल में जब मौके पर पहुंचे तो दोनों युवकों ने उन्हें देखकर भागने का प्रयास किया। लेकिन क्षेत्र के लोगों ने दोनों को दौड़ाकर पकड़ लिया और जमकर पिटाई की। बाद में उन्हें जामुल थाना के हवाले किया गया। माना जा रहा है कि पकड़े गए युवकों का हाथ परमजीत सिंह व कुलदीप सिंह के यहां हुई चोरी की वारदात में हो सकता है। हालांकि फिलहाल पुलिसिया पूछताछ जारी होने की वजह से कुछ भी स्पष्ट नहीं हो पाया है।

0000

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें