मंगलवार, 20 अप्रैल 2010

एक मच्छर नगर निगम को हिजड़ा बना रहा ह

दुर्ग, 20 अप्रैल। किसी भी संस्था का सबसे महत्वपूर्ण विभाग, जनसम्पर्क विभाग होता है- जिसके कंधों पर उस पूरी संस्था का प्रचार-प्रसार करने से लेकर उपलब्धियों को लोगों तक पहुंचाने की जिम्मेदारी तो होता ही है, साथ ही संस्था विरोधी गतिविधियों की रोकथाम करने का भी महती जिम्मा होता है। लेकिन दुर्ग में नगर निगम जैसी संस्था की सबसे कमजोर कड़ी उसका जनसम्पर्क विभाग ही है। इस कमजोर कड़ी का खामियाजा नगर निगम की सत्ता पर काबिज भारतीय जनता पार्टी को लगातार भुगतना पड़ रहा है। दुर्ग शहर अब एक नगर निगम तक सीमित नहीं है, बल्कि परिसीमन के बाद यह विधानसभा भी बन चुका है। जिसका नेतृत्व केबिनेट मंत्री हेमचंद यादव करते हैं। पिछले कुछ चुनावों का अवलोकन करें तो भाजपाई सत्ता के बावजूद नगर निगम सीमा क्षेत्र में भाजपा की स्थिति लगातार कमजोर हुई है। चाहे लोकसभा की बात हो, विधानसभा की या फिर नगर निगम चुनाव की। हालांकि भाजपा की कमजोर होती स्थिति के लिए कुछ हद तक खेमेबाजी को जिम्मेदार ठहराया जा सकता है, लेकिन नगर निगम के कार्यों का जनता तक बेहतर ढंग न पहुंचा पाना, मीडिया में नगर निगम के खिलाफ लगातार खबरों का प्रकाशित और निगम के जनसम्पर्क विभाग का चुपचाप बैठे रहना, कई तरह के संदेहों को जन्म दे रहा है। सवाल यह है कि कहीं भाजपाई लंका में जनसम्पर्क विभाग विभीषण का काम करते हुए लंका ढहाने की जुगत तो नहीं लगा रहा है?
नगर निगम से जो खबरें छनकर आ रही हैं, वह बेहद चौंकाने वाली हैं। लेकिन इन चौंकाने वाली जानकारियों की ओर नगर निगम के जनप्रतिनिधियों से लेकर अफसरों तक का ध्यान नहीं गया। पता चला है कि नगर निगम में फिलहाल करीब 22 अखबार पंजीकृत हैं। (यहां पंजीकृत का आशय विज्ञापन चाहने वाले अखबार से हैं।) इनमें से करीब एक दर्जन अखबारों को विज्ञापन न के बराबर दिए गए हैं। जबकि चंद अखबारों को जरूरत से ज्यादा विज्ञापन दिए गए। बात सिर्फ यहीं पर खत्म नहीं होती। पता तो यहां तक चला है कि चंद अखबारों को विज्ञापन के रूप में फायदा पहुंचाने के ऐवज में कमीशनबाजी का खेल भी चल रहा है।
जानकारी के मुताबिक, 1 जनवरी 2010 से 15 अप्रैल 2010 तक की अवधि में करीब 100 विज्ञापन नगर निगम द्वारा जारी किए गए। जबकि 22 पंजीकृत अखबारों में से दर्जनभर अखबारों को इस अवधि में महज एक या दो (या एक भी नहीं) विज्ञापन ही मिल पाए। बाकी के विज्ञापनों को सेटिंग कर चुनिंदा अखबारों को दिया गया। इस बात की खबर अब तक महापौर और आयुक्त को नहीं थी। किन्तु रायपुर से प्रकाशित एक सांध्य अखबार के पत्रकार ने जब इस बाबत खोजबीन की तो सारा राज खुल गया। इस पूरे मामले का सबसे अहम् पहलू यह है कि विज्ञापन देने में स्थानीय अखबारों की खास तौर पर उपेक्षा की गई है। जबकि नगर निगम स्थानीय निकाय है। बताया जाता है कि कई बड़े टेंडर के विज्ञापन ऐसे अखबारों को दिया गया है, जो शहर में कहीं नजर नहीं आते। इसकी क्या वजह हो सकती है, यह किसी को बताने की जरूरत नहीं है।
नाना पाटेकर की एक फिल्म का प्रचलित डॉयलॉग था कि एक मच्छर आदमी को हिजड़ा बना देता है। यहां मच्छर का आशय इनसान के भीतर की कमजोरी था। नगर निगम में इसी से मिलता-जुलता एक नया डॉयलॉग चलन में आ रहा है। यह है - एक मच्छर नगर निगम को हिजड़ा बना रहा है। इसका साफ-साफ आशय यह है कि एक महत्वपूर्ण विभाग के कमजोर या लचर प्रदर्शन की वजह से नगर निगम की किरकिरी हो रही है, जिसका खामियाजा उठा रही है भारतीय जनता पार्टी।

००००
 
जम्मूतवी को सिर-आंखों पर बिठाया

दुर्ग, 20 अप्रैल। आस्था के प्रमुख केन्द्र अमरनाथ व माता वैष्णों देवी के दरबार पहुंचने के लिए भक्तों का रास्ता आज से काफी आसान हो गया। दुर्ग से जम्मू तक जाने के लिए बहुप्रतीक्षित मांग दुर्ग-जम्मूतवी सुपरफास्ट एक्सप्रेस आज से पटरी पर आ गई। दुर्ग के शिवभक्तोंं के लिए विशेष मायने रखने वाले दुर्ग-जम्मूतवी सुपरफास्ट एक्सप्रेस को दुर्ग रेलवे स्टेशन में केबिनेट मंत्री हेमचंद यादव ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
इस दौरान दुर्ग के लोगों में अभूतपूर्व उत्साह था। नए ट्रेन को जयभोले ओम शिवशक्ति समिति के पदाधिकारियों द्वारा दुल्हन की तरह सजाया गया था। ट्रेन के प्रारंभ होने से लोगों में इतना उत्साह था कि वे  बैंड व धमाल की धुन में नाचते गाते रहे और नई ट्रेन की सेवाएं शुरु होने पर एक-दूसरे को बधाई देते रहे। नए ट्रेन के शुभारंभ अवसर पर केबिनेट मंत्री हेमचंद यादव विधायक डोमनलाल कोर्सेवाड़ा, जिला सहकारी समिति के अध्यक्ष प्रीतपाल बेलचंदन, जयभोले ओम शिवशक्ति समिति के प्रमुख ललित भाई पटेल, समिति के छत्तीसगढ़ अध्यक्ष चैनसुख भट्टड़, शिवराज राऊत के अलावा कांग्रेस के पूर्व विधायक अरुण वोरा,छत्तीसगढ़ स्वाभिमान मचं के युवा नेता राजेन्द्र साहू ,विनोद ताम्रकार, मनीष भंडारी,जी.सुरेश बाबे, दिनेश पवार,दिलीप बाकलीवाल, अमर कोटवानी, शरद अग्रवाल, चीनी दाऊ, सुरेन्द्र बजाज, भोला महोबिया, सुरेन्द्र पाटनी,दिलीप देखमुख एवं राजनीतिक पार्टी से जुड़े बड़ी संख्या में लोग मौजूद थे।
मिली जानकारी के मुताबिक नई दुर्ग-जम्मूतवी सुपरफास्ट एक्सप्रेस हफ्ते में एक दिन मंगलवार को चलेगी। शिव भक्तों के अमरनाथ जाने के लिए वर्तमान में इस ट्रेन को विशेष रुप से दो महिना चलाया जाएगा। पूर्व में शिव भक्त अमरनाथ दर्शन के लिए गोड़वाना एक्सप्रेस से दिल्ली तक पहुंचते थे। फिर दिल्ली से जम्मू तक दूसरे ट्रेन का सहारा लेना पड़ता था। ट्रेन बदलने के दौरान टिकिट रिर्जवेशन समेत अन्य समस्याओं से शिवभक्तों के जूझना पड़ता था। जिसके चलते पिछले 5 वर्षो से जयभोले ओम शिवशक्ति समिति के बनैरतले दुर्ग से जम्मू तक विशेष ट्रेन की मांग थी। दुर्ग-जम्मूतवी सुपरफास्ट एक्सप्रेस के आज पटरी पर आने से शिवभक्तों की बहुप्रतीक्षित मांग को मूर्त रुप मिला। दुर्ग के शिवभक्तों में नई ट्रेन शुरु होने से उत्साह का माहौल हैं।

०००

फिर लगी कांग्रेस की चौपाल

दुर्ग, 20 अप्रैल। शहर के जनसमस्या से अवगत होने कांग्रेसियों का वार्डो में चौपाल लगाने का क्रम जारी हैं। चौपाल के आज दूसरे दिन कांग्रेसियों ने कचहरी वार्ड क्र.39 में दस्तक दी और वार्डवासियों की समस्याओं से रुबरु हुए। चौपाल की अगुवाई शहर कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष अरुण वोरा ने की। वार्डवासियों ने बताया कि क्षेत्र में पेयजल संकट ने विकराल रुप ले रखा हैं। बैजनाथपारा, गांधीनगर व डिपरापारा तालाब के आसपास के क्षेत्रों में पाइप से पेयजल नहीं चढ़ रहा हैं। जिससे पेयजल को लेकर इन क्षेत्रों में मारामारी की हालात हैं। नाली के अभाव में गंदे पानी का वार्ड से निकासी नहीं हो पा रहा हैं। यह गंदा पानी खाली क्षेत्र में बड़े डबरे का रुप ले लिया हैं। जिससे लोगों के स्वास्थ्य पर गंदा पानी बुरा असर छोड़ रहा हैं। वार्डवासियों ने बताया कि वार्ड में साफ-सफाई की स्थिति दयनीय हैं। जगह-जगह कूड़े-करकट सड़कों पर फैले हुए हैं। सफाई कामगारों की कमी के कारण वार्ड में साफ-सफाई ठीक ढंग से नहीं हो पा रहा हैं। लोगों ने यह भी बताया कि राशनकार्ड के सर्वे सूची में करीब 11सौ लोगों का नाम दर्ज हैं। लेकिन मात्र 665 लोगों को ही राशन कार्ड का लाभ मिल रहा हैं। चौपाल में वार्डवासियों की समस्या को सुनने के बाद कांग्रेसियों के दल ने समस्याग्रस्त क्षेत्र का दौरा भी किया। इस दौरान कांग्रेसियों को लोगों ने अपनी समस्याएं गिनवाई व समाधान का आग्रह भी किया। कांग्रेसियों का कहना था कि वार्ड में कांग्रेस पार्षद शकुन ढीमर आसीन हैं। जिसके कारण नगर निगम द्वारा वार्ड से भेदभाव किया जा रहा हैं। फलस्वरुप वार्ड समस्याग्रस्त बन गया हैं। कांग्रेसियों ने वार्डवासियों को भरोसा दिलाया हैं कि उक्त समस्याओं को लेकर वे जल्द ही महापौर डॉ. शिवकुमार तमेर से मुलाकात करेंगे और समस्याओं के हल के लिए ठोस पहल करेंगे। वार्ड के भ्रमण के दौरान अरुण वोरा के साथ पार्षद आर.एन. वर्मा, मदन जैन,नेता प्रतिपक्ष निर्मला साहू, पार्षद अलताफ अहमद, लंगूर सोनी, राजकुमार नारायणी,मनोज चंद्राकर, शशिकांत तिवारी,देवेश मिश्रा,पवन राय, नीलू ठाकुर समेत अन्य लोग मौजूद थे।

०००

चोरी की 5 बाइक समेत 1 गिरफ्तार

दुर्ग, 20 अप्रैल। मोटर सायकल चोरी के एक बड़े मामले का कोतवाली पुलिस ने आज पर्दाफाश करने में सफलता हासिल की हैं। इस मामले में पुलिस ने जितेन्द्र यादव उर्फ बिल्लू 19 वर्ष पिता सालिक राम दीपक नगर निवासी को गिरफ्तार किया हैं। उसके कब्जे से 5 चोरी के मोटर सायकल बरामद किए गए हैं। जिसकी कीमत 2 लाख रुपए आंकी गई है।  5 मोटर सायकलों में से 3 को दीपक नगर क्षेत्र से एवं 1 को रेलवे स्टेशन व 1 को एक हफ्ते पूर्व फुर्सत बार के सामने से आरोपी ने चोरी करना स्वीकारा हैं। कोतवाली पुलिस ने आरोपी जितेन्द्र यादव के खिलाफ धारा 41(1+4)व 379 के तहत अपराध दर्ज किया हैं।
पुलिस के मुताबिक मुखबीर की सूचना पर आज दोपहर आरोपी जितेन्द्र यादव उर्फ बिल्लू को नया बस स्टंैंड स्थित शराब दुकान के सामने से पकड़ा गया। पूछताछ में आरोपी टूट गया और उसने 5 मोटर सायकल चोरी करने की बात स्वीकारी।
एक मोटर सायकल का बगैर नंबर के आरोपी स्वयं उपयोग कर रहा था। होण्डा साइन 125 मोटर सायकल को दो माह पूर्व रेलवे स्टेशन से व एक हीरोहोण्डा डीलक्स मोटर सायकल को एक हफ्ता पहले फुर्सत बार के सामने से आरोपी ने चोरी की थी। जबकि तीन मोटर सायकल को उसने दीपक नगर क्षेत्र से पार की थी। जिसमें दो हीरोहोण्डा स्पलेंडर व एक हीरोहोण्डा पेंशन मोटर सायकल शामिल हैं। चोरी की मोटर सायकल को आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने बरामद कर लिया हैं।
यह कार्यवाही एसपी दीपांशु काबरा के मार्गदर्शन पर एएसपी शहरी एमएल कोटवानी व दुर्ग सीएसपी राकेश भट्ट के दिशानिर्देश पर प्रशिक्षु डीएसपी एवं कोतवाली थाना के प्रभारी अंशुमान सिंह सिसोदिया के नेतृत्व में की गई। जिसमें कोतवाली थाना के सहा. उपनिरीक्षक जलालुद्दीन खान, आरक्षक संतोष मिश्रा, युवराज सिंह,सुधाकर शर्मा, जवाहर बिरदान,वाहन चालक चैनसिंग की भूमिका सराहनीय रही। गौरतलब है कि लम्बे समय से क्षेत्र में दुपहिया की चोरियां हो रही थी, जिसके चलते पुलिस विशेष रूप से सक्रिय थी। इसी के चलते 5 दुपहिया वाहनों का चोर पुलिस के हत्थे चढ़ा।

०००

पुलगांव नाला पर मंडराता खतरा

दुर्ग, 20 अप्रैल। पुलगांव नाला के किनारे निर्माण कार्यों की अनदेखी भविष्य में खतरनाक साबित हो सकती है। यह डुबान एरिया है। टाउन एंड कंट्री प्लानिंग विभाग द्वारा तैयार दुर्ग विकास योजना में पुलगांव नाला के आसपास के क्षेत्र कृषि के लिए निर्धारित रखा गया है। जिसका भू-व्यपवर्तन भी नहीं किया जा सकता। पूर्व में नाला किनारे के निर्माण कार्य को जलसंसाधन विभाग ने रूकवा दिया था। नवकार परिसर के पास निर्माण करवाया जा रहा था। जल संसाधन विभाग के ईई पीके अग्रवाल ने उन्हें नोटिस भेजकर वैधानिक कार्रवाई की हिदायत दी थी। नोटिस में यह कहा गया है कि बड़ी नदी व नालों के सामान्य भाव क्षेत्र के बाईं एवं दाईं ओर 50 मीटर की दूरी पर जलसंसाधन विभाग के अनुमति के बिना कोई भी निजी कार्य कराया जाना निषेध है।
जानकारी के मुताबिक 1984 में भी जलसंसाधन विभाग एवं नगर निगम दुर्ग ने नाला नवकार परिसर के पास स्टार थियेटर के निर्माण पर आपत्ति जताई थी। जिसके कारण थियेटर का निर्माण रोकना पड़ा। अब नाला किनारे जारी निर्माण कार्यों पर ध्यान नहीं दिया जा रहा है। कई लोग रातों रात डुबान क्षेत्र में निर्माण कार्य को अंजाम दे रहे हैं। इस संबंध में नगर निगम के अधिकारी अनभिज्ञता जाहिर करते हैं। निगम कमिश्नर एसके सुंदरानी का कहना है कि नाला किनारे निर्माण कार्य की अनुमति के लिए नगर निगम में किसी ने कोई आवेदन पेश नहीं किया है। नगर निगम ने अवैध कालोनियों के निर्माण के खिलाफ अभियान चलाया था। उस समय निगम प्रशासन ने लोगों से अवैध प्लाटिंग करने वालों से प्लाट न खरीदने के लिए कहा था, क्योंकि प्लाट बेचने के बाद कोई विकास कार्य नहीं करवाया जाता। जिसका खामियाजा बाद में प्लाट खरीदने वालों को भुगतना पड़ता है। पुलगांव नाला के किनारे बसाहट होने से नाला के प्रदूषित होने का भी खतरा है। इसका असर शहर के पेयजल सप्लाई पर पड़ सकता है। नाला किनारे की जमीन कसारीडीह पटवारी हल्का नंबर 25 तहसील दुर्ग में आता है।

००००

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें