बुधवार, 7 अप्रैल 2010

ट्रेन से कट मरे प्रेमी युगल

भिलाई, 07 अप्रैल। राजनांदगांव के प्रेमी और रायपुर की प्रेमिका ने आज सुबह सी केबिन चरोदा के पास ट्रेन के सामने कूदकर जान दे दी। मृतकों के पास से एक सुसाइडल नोट भी मिला है। रेलवे पुलिस मामले की जांच कर रही है।

जानकारी के मुताबिक, सी केबिन चरोदा के पास आज सुबह करीब 10.17 बजे रायपुर से दुर्ग की ओर आ रही पुरी अहमदाबाद एक्सप्रेस के सामने कूदकर युवक व युवती ने जान दे दी। दोनों एक मोटर साइकिल में सवार होकर यहां पहुंचे थे। हादसे में दोनों के शव बुरी तरह क्षत-विक्षत हो गए। बाद में पहुंची रेलवे पुलिस ने दोनों मृतकों की तलाशी ली, जिसमें युवक की जेब से एक सुसाइडल नोट बरामद हुआ। मृतकों की तलाशी के आधार पर युवक की पहचान ग्राम औंधी राजनांदगांव निवासी मुकेश चक्रधारी के रूप में हुई है। मृत युवती रायपुर के खरोरा स्थित गनियारी की निवासी बताई गई है। फिलहाल उसका नाम पता नहीं चल पाया है। यह भी पता नहीं चल पाया है कि आखिर प्रेमी युगल ने मौत की राह क्यों चुनी? रेलवे पुलिस इस मामले की जांच कर रही है।

०००००

वृद्धा ने कुएं में कूदकर दी जान

दुर्ग, 07 अप्रैल। बोरसी बस्ती निवासी बुधवंतीन बाई साहू 85 वर्ष पति स्व. मयाराम ने बीती रात एक कुएं में कूदकर खुदकुशी कर ली। घटना की खबर परिजनों को आज सुबह तब लगी जब बुधवंतीन का शव कुएं में उफलते मिला। बताया गया हैं बुधवंतीन अपने शारीरिक बीमारी से त्रस्त थी। पुलगांव पुलिस ने मर्गकायम कर मामले को जांच में लिया हैं।

०००

कोर्ट परिसर में मृत मिला अज्ञात व्यक्ति

दुर्ग, 07अप्रैल। दुर्ग जिला न्यायालय भवन के मुख्य प्रवेश द्वार के पास आज दोपहर एक व्यक्ति का शव मिलने से लोग सकते में आ गए। यह खबर न्यायालय परिसर में आग की तरह फैली। लिहाजा शव को देखने अधिवक्ता समेत अन्य लोग मौके पर भारी संख्या में जुट गए। हालांकि मृतक की पहचान नहीं हो पाई हैं। उसकी उम्र तकरीबन 40 से 55 वर्ष के बीच की हैं। मृतक का कद काठी सामान्य और दाढ़ी(सफेद) बढ़ी हुई हैं। मृतक हल्का हरे रंग की शर्ट व सफेद रंग का फूलपेंट पहना हुआ हैं। उसके मौत का कारण फिलहाल स्पष्ट नहीं हो पाया हैं। लेकिन माना जा रहा हैं कि तेज गर्मी की वजह से उसकी अचानक तबीयत बिगड़ी होगी। जो उसकी मौत का कारण बनी । सूचना पर पहुंची कोतवाली पुलिस ने मौके पर पंचनामा कर शव को मच्र्युरी रवाना करवाया। बताया गया हैं कि उक्त अज्ञात व्यक्ति को आज सुबह न्यायालय परिसर में घूमते हुए देखा गया था। उसके बाद वह करीब 12.30 बजे न्यायालय भवन के मुख्य प्रवेश द्वार के पास मृत पड़ा मिला। मृतक का शर्ट उतरा हुआ था। जिससे पुलिस का अनुमान हैं कि गर्मी के चलते उसने शर्ट उतारे होंगे। इस बीच उसकी सांसे थम गई। बहरहाल कोतवाली पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले को जांच में लिया हैं।

०००

साढ़े 15 किलो गांजा के साथ दो गिरफ्तार

दुर्ग, 07 अप्रैल। क्राइंम ब्रांच पुलिस की टीम ने बीती रात मालवीयनगर चौक में दबिश देकर दो युवकों से साढ़े 15 किलो गांजा बरामद किया। गांजे की कीमत 23 हजार रुपए आंकी गई हैं। मामले में गिरफ्तार अखिलेश जैन व सचिन जैन सेक्टर-10 भिलाई के निवासी हैं। उक्त गांजे को वे रुआबांधा से खरीदकर जबलपुर ले जा रहे थे। लेकिन इसकी भनक क्राइंम ब्रांच पुलिस को लगी और दोनों आरोपियों को धरदबोचा गया। मोहन नगर पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ 20 क नारकोटिक्स एक्ट के तहत कार्यवाही की हैं।

पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक आरोपी अखिलेश जैन व सचिन जैन साढ़े15 किलो गांजा को एक बोरे में भरकर अवैध रुप से रेल्वे स्टेशन ले जा रहे थे। रेल्वे स्टेशन में पहुंचने के बाद उनकी जबलपुर जाने की तैयारी थी। लेकिन इसके पहले वे मालवीय नगर चौक में पकड़े गए। पुलिस के मुताबिक, आरोपी इसके पहले भी एक बार गांजा अवैध रूप से जबलपुर ले जा चुके हैं। लेकिन उस समय आरोपियों पर कार्यवाही नहीं हो पाई थी। लिहाजा, उनके हौसले बढ़े हुए थे। दूसरे प्रयास में वे पुलिस की नजर से नहीं बच पाए और 23 हजार कीमत के गांजे के साथ धर दबोचे गए।

०००

ट्रेन से कटकर विवाहिता ने दी जान

भिलाई, 07 अप्रैल। दो बच्चों की मां ने आज सुबह ट्रेन से कटकर अपनी ईहलीला समाप्त कर ली। वह कुछ दिनों से परेशान चल रही थी। कोतवाली पुलिस मर्ग कायम कर मामले की जांच कर रही है। पुलिस के मुताबिक, रोजाना की तरह आज भी मार्निंग वॉक को निकली सेक्टर-2, सड़क 20, क्वा.नं. 7 ए निवासी रेणु पति सुखविंदर सिंह (27) ने ट्रेन के सामने कूदकर अपनी जान दे दी। घटना पोल क्रं. 869/11ए से 13 के बीच घटित हुई। बताया जाता है कि श्रीमती रेणु रोजाना रोजाना सेक्टर-2 स्थित अपने निवास से सुपेला रेलवे क्रासिंग तक टहलने जाती थी। उनके पति सुखविंदर सिंह प्रायवेट नौकरी काम करते हैं। दोनों की 8 साल पहले शादी हुई थी। पुलिस के मुताबिक, मृतका रेणु के पिता सेक्टर-9 अस्पताल में भर्ती हैं। उनका हाल ही में आपरेशन हुआ था। कल रात्रि रेणु अपने पिता से मिलने सेक्टर-9 अस्पताल भी गई थी। उसके बाद आज सुबह उसने अपनी जान दे दी। कोतवाली पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले को जांच में लिया है।

००००

ढाबा जलाने वाला पकड़ाया

भिलाई, 07 अप्रैल। खाने के विवाद को लेकर ढाबा संचालक के साथ मारपीट कर ढाबा जलाए जाने के आरोपी को आज पुलिस ने पकडऩे में सफलता हासिल की। आरोपी तीन महीने से फरार चल रहा था। पुलिस सूत्रों के मुताबिक, विगत 31 दिसम्बर को नए साल का जश्न मनाने के लिए नेहरू नगर निवासी योगेश त्रिपाठी पिता प्रशांत त्रिपाठी अपने दोस्तों के साथ बाग बलिया ढाबा गया था। यहां खाने में लेटलतीफी के चलते उसने ढाबा संचालक के साथ मारपीट करते हुए ढाबे में आग लगा दी थी। घटना की सुपेला थाने में भादवि की धारा 436, 456, 436, 323, 506 बी के तहत अपराध पंजीबद्ध किया गया था। रिपोर्ट दर्ज कराए जाने के बाद से वह फरार चल रहा था। आज स्मृति नगर चौंकी पुलिस ने उसके गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपी योगेश ने घटना के वक्त अकेला होने की बात कही है। पुलिस का मानना है कि आरोपी अपने साथियों को बचा रहा है। आज ही सुपेला पुलिस ने आरोपी प्रशांत को कोर्ट में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।

००००

तेज धूप से झुलसने लगी सब्जियां

दुर्ग, 07 अपै्रल। एक ओर महंगाई की मार से लोग परेशान है, वहीं दूसरी ओर तेज धूप व भीषण गर्मी का असर अब सब्जियों पर भी पडऩे लगा है, जिससे सब्जियों का रंग व स्वाद बदलने के साथ नरम भी पडऩे लगी है। सब्जियों के बदलने रंग व स्वाद का विपरित असर लोगों के स्वास्थ्य पर भी पडऩे लगा है। गर्मी के मौसम में वैसे खटाई वाली सब्जियों की मांग बढ़ जाती है लेकिन सब्जियां एक से दो घंटे तक ही सही रहती है उसके बाद वह खराब होने लगती है जिसका सेवन करना सेहत पर बुरा असर पड़ता है। अप्रैल माह में पड़ रही तेज धूप व भीषण गर्मी का विपरित असर अब सब्जियों पर भी पडऩे लगा है। इसका ताजा उदाहरण इस मौसम में सब्जियों के बदलते रंग व स्वाद है।

०००

कलेक्टर ठाकुर रामसिंह ने दिए निर्देश

पुरानी जनशिकायतों को निपटाएं

दुर्ग, 07 अप्रैल। कलेक्टर ठाकुर रामसिंह ने जिले के अधिकारियों को निर्देशित किया है कि वे ग्राम सुराज अभियान की पूरी तैयारी कर लें तथा पूर्व में प्राप्त पुरानी जनशिकायतों को त्वरित गति से निपटायें। उन्होंने पिछले अभियानों में प्राप्त आम जनता की शिकायतों का निरीक्षण करने तथा उनका यथासम्भव निराकरण करने के लिए कहा।

जिला कार्यालय में लम्बित प्रकरणों के निराकरण संबंधी बैठक में उन्होंने अधिकारियों से कहा कि वे अपने विभाग से संबंधित पुरानी मांगो तथा शिकायतों का अवलोकन करें। इस बात का ध्यान रखें कि इस बार भी पुरानी शिकायतें दोहराई न जायें। आम-जनता की छोटी-छोटी समस्याओं को स्थल पर ही निराकृत करें। उन्होंने ग्राम सुराज अभियान के पहले ही ग्रामीणों तक बुनियादी सुविधायें पहुंचाने के लिये पहल करने की हिदायत दी। सार्वजनिक वितरण प्रणाली की ओर विशेष ध्यान देकर खाद्यान्न की उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिये कहा गया। इसके लिए तहसील, विकासखण्ड तथा ग्राम स्तर पर निगरानी समितियों का गठन करने के लिये कहा गया।

कलेक्टर ठाकुर रामसिंह नें विद्युत विभाग को पूर्ण हो चुकी ग्रामीण नल-जल योजनाओं को विद्युत आपूर्ति के निर्देश दिये ताकि नल-जल योजना का लाभ ग्रामीणों तक पहुंच सके। ग्रामीण रोजगार योजना के तहत अधिक से अधिक तालाब गहरीकरण के कार्य प्रारम्भ करने के लिये कहा गया। इससे आगामी बरसात में तालाबों में अधिक पानी एकत्रित हो सकेगा। उन्होंंंनें सभी विकासखण्डों में बैठक कर आम-जनता की पूर्व शिकायतों और मांगों की समीक्षा करने के लिये कहा ताकि उन पर कार्यवाही कर जनसमस्याओं को निराकृत किया जा सके। उन्होंने खनिज के अवैध परिवहन की रोकथाम के लिए कड़ी कार्यवाही करने के निर्देश दिये। वन्य ग्रामों में उत्पन्न हो रही पेयजल समस्या के त्वरित निराकरण के लिये कहा गया। साथ ही जिले में सर्वशिक्षा अभियान को सुचारू रूप से संचालित करने के निर्देश दिये गये। उन्होंने बताया कि ग्राम सुराज अभियान के कारण अगले दो मंगलवार को टी.एल. बैठक नहीं होगी।

०००

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें