सोमवार, 19 अप्रैल 2010

दौरों और निरीक्षणों से विकास नहीं होता डाक्टर साहब...

दुर्ग, 19 अप्रैल। महापौर डॉ. शिवकुमार तमेर ने सोमवार को अपनी महापौरी के 100 दिनों का लेखा-जोखा प्रस्तुत किया। 100 दिनों का जो डाटा 41 बिंदुओं में नगर निगम की ओर से मुहैय्या कराया गया है, उसमें अधिकांश काम ऐसे हैं जो नगर निगम के कर्मचारियों और अफसरों को करने चाहिए। लेकिन इन कार्यों को भी महापौर ने अपनी उपलब्धियों में शुमार किया है। इसके अलावा इन उपलब्धियों में वार्डों के दौरे और विभिन्न क्षेत्रों के निरीक्षणों का भी शुमार किया गया है। यहां तक की गणतंत्र दिवस की बधाई और ध्वजारोहण भी महापौर की उपलब्धि हैं? एमआईसी की बैठक को भी इसमें शामिल किया गया है। आज यहां प्रेस कांफ्रेंस में महापौर ने अपने 100 दिनों का जो लेखाजोखा प्रस्तुत किया है, उसे हूबहू पाठकों तक (अपनी संक्षिप्त टिप्पणियों के साथ) पहुंचा रहे हैं। पाठक अपने विवेक से निर्णय कर सकते हैं कि क्या इन दौरों और निरीक्षकों और कार्यों को क्या माना जाए?
1. पटरीपार सहित मुख्य बाजार इंदिरा मार्केट, तालाब व मोहल्ला के मोक्कड़ों का निरीक्षण। कैलाश नगर केनाल, नजूल भूमि से अतिक्रमण हटाने, सड़कों, नालियों की सफाई के निर्देश दिए। (सिर्फ निर्देश ही दिए गए- हुआ कुछ भी नहीं।)
2. गरीबों के लिए बनाए जा रहे आईएचएसडीपी आवास का निरीक्षण, आवास क्षेत्र में बाजार (इसके आगे नंबर 3 लिखा गया है)
3. खेल मैदान, पहुंच मार्ग, चिकित्सा सुविधा, शौचालय की व्यवस्था, विद्युत व्यवस्था, पानी निकासी, नाली का निर्माण करने के निर्देश। (????)
4. बैगापारा शिक्षक नगर स्थित मिनी स्टेडियम का अवलोकन वहां विद्युत लाईट, यूरिनल की व्यवस्था तथा कचरा एकत्र करने स्थान बनाने निर्देश। मैदान में कब्बडी खेल के लिए बालू मिट्टी डालने निर्देश दिए गए। (दुबारा वहां कोई झांकने तक नहीं गया।)
5. पोटिया वार्ड स्थित माता तालाब, ट्रेचिंग ग्राउंच का निरीक्षण, तालाब का सौंदर्यीकरण कर घाट पचरीकरण कार्य सरोवर धरोवर योजना के तहत लेने अधिकारियों को निर्देश। (फिर क्या हुआ पता नहीं?)
6. नगर पालिक निगम दुर्ग व भिलाई इस्पात संयंत्र द्वारा न्यू पुलिस लाईन के पीछे मैदान में निर्मित जलाशय का निरीक्षण। जलाशय को विकसित करने यहां सौंदर्यीकरण, पौध रोपण, खेल सामग्री, बोटिंग-जागिंग के लिए व्यवस्था करने निर्देश। रायपुर नाका और गौरव पथ को जोडऩे बीटीआई के बाजू से रेलवे लाइन के पास तालाब होते हुए बायपास मार्ग का निर्माण ट्रेफिक डायवर्ट करने मार्ग का निर्माण करने के निर्देश। (अब तक सारे निर्देश ठेंगा दिखा रहे हैं।)
7. शहर के करदाताओं को अपने संपत्ति कर टैक्स जमा करने की अपील व बड़े बकायादारों के सम्पत्ति की नाक-जोख करने के निर्देश।
8. शंकर नाला में चल रहे कार्यों का निरीक्षण। पटवारी चाल संतरा बाडी पुलिया निर्माण कार्य प्रारंभ करवाया गया। (अब तक निर्माणाधीन। लोग परेशान।)
9. रेलवे के एन.एस. बुंदेला व डिविजनल इंजि. सी.एच. रामप्रसाद से रेल्वे पटरीपार को टिकट बुकिंग काउण्टर, एप्रोच मार्ग और प्रवेश द्वार, जनता इस पार से उस पार को आने-जाने फूट ओव्हर ब्रिज की सुविधा प्रदान करने की प्रक्रिया पर अमल।
10. 30 जनवरी से गरीबी रेखा से नीचे जीवन यापन करने वाले परिवारों के लिए जनश्री मिनीमाता बीमार योजना प्रक्रिया प्रारंभ करायी गयी।
11. परिषद का प्रथम गणतंत्र दिवस पर जनता को हार्दिक बधाई और शुभकामनाएं दिया। हिन्दी भवन तथा मुख्य नगर निगम कार्यालय में ध्वजारोहण किया गया। (जनता जनार्दन के भाग्य खुल गए।)
12. एक फरवरी से 25 फरवरी तक मच्छर उन्मूलन कार्य के तहत फांगिग मशीन से धुआं छोडऩे का कार्य करवाया गया।
13. 2 फरवरी को पुराने फिल्टर प्लांट का निरीक्षण। आने वाली गर्मी को देखते हुए कार्य जल्द पूर्ण कराया गया। (पूरा शहर पानी की गम्भीर समस्या से जूझ रहा है।)
14. प्रथम एम.आई.सी. की बैठक में 15 प्रस्ताव पारित किया गया।
15. उरला वार्ड में निर्मित अटल/वाम्बे आवास के रहवासियों के लिए सुलभ शौचालय प्रारंभ कराया गया। (...पर पानी का संकट है.. क्या करेंगे गरीब।)
16. कैलाश नगर वार्ड में क्षेत्र के नागरिकों की मांग पर सुलभ शौचालय प्रारंभ की गई।
17. शासन की स्वर्ण जयंती योजना का लाभ गरीबों को अवश्य मिले इसके लिए बैंकों को आवश्यक निर्देश दिये गये।
18 शहर के विभिन्न 44 निजी, नजूल तालाबों को संरक्षित करने अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों से विस्तृत चर्चा की गई। कार्य योजना बनाई गई। (जो अब भी कागजों से बाहर आने का इंतजार कर रही है।)
19. गरीब आय वर्ग लोगों के लिए शासन की ब्याज अनुदान योजना नगर निगम दुर्ग में प्रारंभ करवाया गया।
20. गौरव पथ में निर्मित गौरव काम्पलेक्स में विडियोग्राफी देखकर लोगों को विस्थापित करने दुकान का आबंटन हेतु चिन्हिी कर सूची बनायी गयी। (आबंटन को लेकर मारामारी की स्थिति। अफसर और निगम कर्मी मलाई छानने की बाट में।)
21. निगम क्षेत्र के 10 गरीब हितग्राहियों को 20-20 हजार रू. राशि का चेक मिनीमाता योजना के तहत प्रदान किया गया।
22. शहर के प्रमुख सड़कों में डामरीकरण कार्य प्रारंभ कराया। मालवीय नगर, गंजपारा, सत्ती चौरा, चंडी मंदिर रोड, पोलसायपारा, सुभाष चौंक तक डामरीकरण कार्य पूर्ण अन्य मार्गों में कार्य जारी है।
23. नगर निगम का टैक्स वसूली एजेंटों के माध्यम से कराये जाने की स्वीकृति दी गई।
24. शहर में संचालित नर्सिंग होम क मेडिकल वेस्ट डिस्पोज के लिए प्रख्यात डाक्टरों, निगम आयुक्त सहित अधिकारियों से विस्तृत चर्चा एवं उनसे सहयोग ी अपील की गई। (अपील का अंजाम वही हुआ, जो अक्सर होता है।)
25. नगर के 1081 विद्यार्थियों को विवेकानंद सभा भवन में जनश्री मिनीमाता निर्धन बीमा योजना के अंतर्गत 600-600 रू. नगद राशि छात्रवृत्ति के रूप में वितरित किया गया।
26. शहर की जनता व करदाताओं को टैक्स जमा करने की सुविधा प्रदान करने आनलाईन वेब साइट तैयार की गई।
27. निगम क्षेत्र के तीन हितग्राहियों के बीमित व्यक्ति का दुर्घटना में मृत्यु होने के बाद 50-50 हजार रू. राशि का चेक प्रदान की गई।
28. 21 मार्च को विश्व जल दिवस मनाया गया। इस अवसर पर बोरसी भाठा तालाब में जिला कलेक्टर महोदय व स्थानीय जनप्रतिनिधियों, वार्ड नागरिकों, पार्षद, एमआइसी सदस्यों के साथ श्रमदान किया गया। (दुबारा कोई झांकने तक नहीं पहुंचा। बल्कि इस आयोजन में ही लाखों रूपए फूंक दिए गए।)
29. कसारीडीह व आसपास क्षेत्र की जनता के निस्तार व सुविधा के लिए सतरूपा शीतला तालाब भरने बोर खनन कराया गया।
30. सिकोलाभाठा में मुख्यमंत्री स्वावलम्बन योजना के अंतर्गत निर्मित दुकानों में विस्थापित करने विडियोग्राफी देखकर दुकान का आबंटन करने लोगों को चिन्हित किया गया।
31. राज्य शासन की निर्धन कन्या सामूहिक विवाह योजना में नगर निगम दुर्ग की ओर से एक लाख रू. का चेक जिला महिला एवं बाल विकास विभाग को दिया गया।
32. शहर में सुबह और शाम दोनों समय मच्छर उन्मूलन कार्य के लिए फांगिग मशीन से धुँआ छोडऩे का कार्य प्रारंभ किया गया।
33. शहर के विभिन्न दस बैंकों में चालान सिस्टम के माध्यम से टैक्स जमा करने की सुविधा नागरिकों को प्रदान किया गया।
34. राजेन्द्र पार्क का अवलोकर कर वहां मेन्टनेन्स कार्य करवाया जा रहा है।
35. परिषद की पहली बजट बैठक में प्रस्ताव सर्व सम्मति से पारित करवाया गया।
36. रामदेव मंदिर वार्ड के नागरिकों की शौचालय सुविधा के लिए सुलभ शौचालय चालू करवाया गया।
37. पुलगांव वार्ड में लोगों की मांग पर निर्मित आंगनबाड़ी भवन तथा सीमेंट सड़क का लोकार्पण किया गया।
38. जी.ई. मार्ग में व्यवसाय करने वाले हटाये गये अतिक्रमणकारी दुकानदारों को निगम द्वारा निर्मित दुकानों में व्यवस्थापित करने स्वीकृति प्रदान की गई।
39. शक्ति नगर तालाब सहित नगर के अन्य तालाबों से चितावर व जलकुंभी निकालने का कार्य प्रारंभ किया गया।
40. शंकर नाला में शंकर नगर दुर्गा चौक के पास संकरी पुलिया को चौड़ा निर्माण करने भूमिपूजन किया गया।
41. कैलाश नगर, शंकर नगर, सिकोला बस्ती, उरला वार्ड में स्थित तालाबों में पानी भरने जलसंसाधन के केनाल नहर नाला की सफाई व खुदाई कार्य प्रारंभ की गई।
००००
डीपीएस में फीस वृद्धि मसले पर बैठक में कोई निर्णय नहीं
दुर्ग, 19 अप्रैल। दुर्ग जुनवानी रोड स्थित देहली पब्लिक स्कूल में भारी फीस वृद्धि के मसले पर आज दोपहर जिला प्रशासन की अगुवाई में पालकों एवं स्कूल प्रबंधन की हुई बैठक में कोई फैसला नहीं हो पाया। बैठक में स्कूल प्रबंधन की केवल एक शिक्षिका थामस शामिल हुई थी। लेकिन बैठक के दौरान शिक्षिका थामस कोई निर्णय  लेने की स्थिति में नही थी। डीपीएस प्रबंधन की ओर से बैठक में कोई जिम्मेदार व्यक्ति के शामिल नहीं होने से काफी शोर-शराबा भी हुआ। इसे देखते हुए त्रिस्तरीय बैठक की अगुवाई कर रहे एसडीएम जनकलाल पाठक,एसडीएम छावनी ए.के. बाजपेयी ने बैठक को आगामी 24 अप्रैल तक के लिए टाल दिया।  बैठक में आज भी फीस वृद्धि के मसले पर कोई निर्णय नहीं होने से पालकों में भारी आक्रोश था। बैठक के दौरान जिला प्रशासन के अधिकारी भी डीपीएस में फीस वृद्धि को गलत ठहरा रहे थे। पालक संघ की ओर से पूर्व विधायक अरुण वोरा,घनाराम साहू,सीजू एंथोनी, लक्ष्मीपति राजू,प्रवीण राय,अतुलचंद साहू, हर्ष भाटिया, टीटू बेदी समेत अन्य लोग बैठक में मौजूद थे।

०००
 
पड़ोसी आपस में भिड़े

दुर्ग, 19 अप्रैल। पोटिया कुंदरापारा निवासी द्वारिका साहू 48 वर्ष पिता स्व.विश्राम साहू की कल रात उसके पड़ोसी नारद साहू ने जमकर पिटाई कर दी। मारपीट के दौरान आरोपी ने लकड़ी का उपयोग किया जिससे द्वारिका साहू के सिर,माथे, दाएं हाथ की भुजा में चोंटे आई हैं। घटना की द्वारिका साहू द्वारा कोतवाली थाने में शिकायत के बाद आरोपी नारद साहू पिता शंभू साहू कुंदरापारा निवासी के विरुद्ध धारा 294,323,506बी के तहत अपराध दर्ज किया गया हैं। जानकारी के मुताबिक घटना बीती रात्रि 8-9 बजे के बीच की हैं। बताया गया हैं द्वारिका साहू सब्जी बेचने का काम करता हैं। द्वारिका का पुत्र राजू साहू बीती रात पड़ोसी नारद साहू से सायकल लेकर कहीं चला गया था। लेकिन राजू काफी समय बाद तक वापस नहीं लौटा। जिससे परेशान नारद साहू ने राजू साहू की हरकतों से द्वारिका को अवगत कराया। इससे नारद साहू व द्वारिका के बीच विवाद हो गया। विवाद के चलते नारद साहू ने द्वारिका की जमकर पिटाई कर दी।

०००

डिप्लोमा इंजीनियरों ने दिया धरना

दुर्ग, 19 अप्रैल। छत्तीसगढ़ डिप्लोमा इंजीनियर्स एसोशिएशन के बैनरतले डिप्लोमा इंजीनियर्स अपनी 7 सूत्रीय मांगों को लेकर आज से पटेल चौक पर दो दिवसीय धरने पर बैठ गए।
धरने के दौरान आंदोलनकारी डिप्लोमा इंजीनियरों ने शासन की नीति के खिलाफ जमकर आवाज बुलंद की। डिप्लोमा इंजीनियरों की मांग थी कि डिप्लोमा अभियंताओं के वेतन विसंगतियों को दूर कर 7,14 व 21 वर्ष की सेवा पूर्ण करने पर क्रमश: 48सौ,54सौ,66सौ का ग्रेड पे का समयमान वेतन दिया जाए। यात्रा भत्ता में पेट्रोल दर को बढ़ाया जाए, पदोन्नत सहायक अभियंताओं को वरिष्ठ उपअभियंताओं की तरह 66सौ का ग्रेड पे का वेतनमान एवं सहायक अभियंता से कार्यपालन अभियंता के पद पर पदोन्नति कोटा 25 प्रतिशत निर्धारित किया जाए।
ग्रामीण यांत्रिकी सेवा विभाग को पूर्ण तकनीकी विभाग घोषित किया जाए। उपअभियंता के स्थान पर कनिष्ठ अभियंता का पदनाम एवं प्रवर श्रेणी उपअभियंताओं के वेतनमान के अनुरुप पदनाम दिया जाए। कार्मिक विभाग के कार्यसंपादन हेतु चारों विभाग का कार्य दर यूएसआर एक हो। साथ ही वरिष्ठ अभियंता के रहते कनिष्ठ उपअभियंता को प्रभारी अनुविभागीय अधिकारी ना बनाए जाने की मांग इंजीनियर्स धरना के दौरान कर रहे थे।
धरना के दौरान एसोसिएशन के अध्यक्ष ओ.पी. सिंह, इंजीनियर्स सी.के. चंद्राकर, बी.डी.शेंडे, एस.एस. साहू,एस.के. मेश्राम, गोपी शर्मा, आर.के. धृतलहरे, एस.के. गंजीर,बी.के. साहू,आर.के. गुप्ता, डी.के. खरे समेत अन्य लोग मौजूद थे।

०००

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें