गुरुवार, 22 अप्रैल 2010

पाश्चात्य सभ्यता ने देश को विनाश की ओर ढकेला - सुदर्शन

दुर्ग, 22 अप्रैल। जल संरक्षण, पर्यावरण सुरक्षा एवं जलवायु परिवर्तन पर आधारित जल महोत्सव 2010 में आज आरएसएस के पूर्व सर संघ संचालक के. सुदर्शन बतौर मुख्य अतिथि के रुप में शामिल हुए। स्थानीय मानस भवन के हाल में खचाखच भरे भीड़ को संबोधित करते हुए श्री सुदर्शन ने कहा कि देश की आजादी के बाद लोगों ने विकास के गलत रास्ते का चयन किया। यह विकास का रास्ता गांव आधारित होना था किन्तु लोग शहरी क्षेत्रों की ओर केन्द्रित हो गए। जिससे प्रकृति भी दूर हो गई। जिसका परिणाम हैं कि आज पर्यावरण संतुलन बिगड़ गया हैं। फलस्वरुप लोगों को कई समस्याओं का सामना करना पड़ रहा हैं। उन्होने कहा कि पर्यावरण का संतुलन होना जनजीवन के हिसाब से बेहद जरुरी हैं। आज हम देखते हैं कि जनसंख्या जिस तेजी से बढ़ी हैं उतनी ही तेजी से जंगल का क्षेत्रफल भी घटा हैं। प्रकृति को बचाने के लिए पेड़ व मनुष्य के बीच संतुलन होना निहायत ही जरुरी हैं। इसलिए उन्होने लोगों को सलाह देते हुए कहा कि हर शुभ अवसर पर आम जनता एक पौधा जरुर लगाएं। साथ ही रसायन आधारित कृषि को त्याग कर प्राकृतिक खेती की ओर हमें वापस लौटना चाहिए। पेट्रोल की जगह बायोडीजल का उपयोग करना होगा। श्री सुदर्शन ने बताया कि पाश्चात्य सभ्यता ने देश का सर्वाधिक विनाश किया हैं। इसे हमें अब त्यागना होगा। वर्षो पुराने अपने वेद-पुराणों में लिखे बातों को अपना कर विकास की ओर बढ़े। कार्यक्रम के दौरान जल महोत्सव की आयोजन समिति छत्तीसगढ़ जनजागरण परिषद, उत्थान इलाहाबाद एवं स्वाईल कन्जर्वेशर सोसायटी छग के पदाधिकारियों द्वारा मुख्य अतिथि के. सुदर्शन को स्मृति चिन्ह भेंटकर सम्मान किया गया। इस अवसर पर मौजूद कैबिनेट मंत्री हेमचंद यादव ने जलसंरक्षण पर बल दिया । श्री यादव ने कहा कि महापुरुष विवेकानंद ने कहा था कि परिवर्तन साश्वत नियम हैं, परन्तु परिवर्तन के आंधी में हमें इतना भी नहीं बदल जाना चाहिए कि मूल्य ही बदल जाए। हम वृक्ष व जल को पूजते हैं, क्योंकि ये हमारे जीवन रक्षक हैं। श्री यादव ने कहा कि शासन प्रशासन के प्रयासों से ही कोई अमूलचूल परिवर्तन हो,यह मै नहीं मानता। परिवर्तन के लिए मन में कोई भाव हो तो हर काम पूर्ण किए जा सकते हैं। उन्होने कहा कि तीसरा विश्वयुद्ध जल के कारण होगा। इसलिए हमकों जल का संरक्षण करना चाहिए।  इस दौरान श्री यादव ने जल के लिए राज्य शासन द्वारा किए जा रहे कार्यो को भी गिनवाया। कार्यक्रम में आरएसएस के प्रांत सरसंघ संचालक बिसरा राम यादव भी मौजूद थे। स्वागत भाषण विधायक डोमनलाल कोर्सेवाड़ा ने दिया। उन्होने कहा कि जल ही जीवन हैं। जलस्तर बढ़ाने के उपाय किए जा रहे हैं। इसे तभी मूर्त रुप दिया जा सकता हैं जब लोग अपनी जागरुकता का परिचय देंगे। जल महोत्सव के महासचिव ठाकुर किशोर सिंह ने जल महोत्सव की उपयोगिता पर प्रकाश डाला। उन्होने बताया सन् 2008 से जल महोत्सव का आयोजन किया जा रहा हैं। जल एवं पर्यावरण को बचाने जागरुकता पर उन्होने बल दिया। इसके लिए उन्होने अब ठोस कदम उठाने की बात कही। उन्होने कहा कि दुर्ग-भिलाई,रायपुर व धमतरी में 2076 परिवारों से मुलाकात कर शुभ अवसर पर उन्हे एक पेड़ लगाने की आग्रह की जाएगी। कार्यक्रम में आयोजन समिति के राजकिशोर मिश्र, आशुतोष चावरे, पूर्व विधायक डॉ. बालमुकुंद देवांगन,डी.एन. तिवारी, शरद शर्मा,डाक्टर भाग्यचंद जैन,संयोजक सुरेन्द्र पाटनी, शैलेन्द्र यादव,चंचल सेठिया,रामनिवास अग्रवाल, नथमल कोठारी,राजेन्द्र पाध्ये,सुरेन्द्र कौशिक समेत बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक मौजूद थे।

०००

ब्याहता ने फांसी लगाकर दी जान

भिलाई, 22 अप्रैल। कांट्रेक्टर कालोनी सुपेला निवासी लवली बेदी 27 वर्ष पति सोनू बेदी ने आज सुबह अपने घर में फांसी लगाकर खुदकुशी कर ली। खुदकुशी करने का कारण अज्ञात हैं। सुपेला पुलिस ने मर्गकायम कर मामले को जांच में लिया हैं। पुलिस के मुताबिक लवली बेदी ने आज सुबह घर के एक कमरे में चुनरी के सहारे पंखा पर झूल गई थी। पति को जब तक घटना की खबर हुई लवली ने दम तोड़ दिया था। मृतका दो बच्चें की मां थी।

०००

अस्पताल में भर्ती अधेड़ की मौत

दुर्ग, 22 अप्रैल। जिला अस्पताल में उपचारार्थ भर्ती एक 55 वर्षीय अधेड़ ने आज सुबह दम तोड़ दिया। मृतक को बीती रात उपचार हेतु जिला अस्पताल में भर्ती करवाया गया था। मृतक को मोहन नगर थाना क्षेत्र का निवासी बताया गया हैं। लेकिन समाचार लिखे जाने तक उसकी पहचान नहीं की जा सकी थी। मोहन नगर पुलिस मामले की जांच कर रही हैं।

०००

महिला की शिनाख्त नहीं

दुर्ग, 22 अप्रैल। बालोद जीआरपी द्वारा उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती करवाई गई महिला ने आज सुबह दम तोड़ दिया। पुलिस के मुताबिक उक्त महिला को जीआरपी ने 17 अप्रैल को भर्ती करवाया था। महिला को चोंटे आई थी। फिलहाल महिला की शिनाख्त नहीं की जा सकी हैं। पुलिस उसके शिनाख्त में प्रयासरत हैं। शिनाख्त के अभाव में महिला के शव के दुर्ग मच्र्युरी में सुरक्षित रखा गया हैं।

०००

महिला मजदूर की मौत

दुर्ग, 22 अप्रैल। अंजोरा पुलिस चौकी  अंतर्गत ग्राम बिरेझर में आज सुबह राहत कार्य करते हुए एक महिला मजदूर की मौत हो गई। मिली जानकारी के अनुसार ग्राम बिरेझर में राष्ट्रीय रोजगार योजना के अंतर्गत तालाब गहरी करण का कार्य चल रहा था। इसी बीच काम कर रही श्रीमती कुवंर बाई  निषाद पति भीलू राम 52 वर्ष अचानक बेहोश हो गई। उसे तत्काल दुर्ग अस्पताल लाया गया जहां उसकी मृत्यु हो गई। ग्रामीणों में इस बात की चर्चा है कि भीषण गर्मी के कारण महिला की मौत हो गई ।

०००

अस्पताल परिसर में गोली चलने से दहशत

दल्लीराजहरा, 22 अप्रैल। दल्लीराजहरा मुख्य मार्ग में स्थित संजीवनी अस्पताल में २१ अप्रैल की रात लगभग ८.३० बजे २ अज्ञात युवकों द्वारा पिस्तौल से डाक्टर के चेम्बर में गोली चलाई गई इसके बाद वे भाग खड़े हुए इस गोलीबारी में कोई हताहत नहीं हुआ इस दौरान डा. राजीव लोचन शर्मा अपने ओ पी डी चेम्बर में बैठे हुए थे। राजहरा थाना टीआई एम आर नायक ने बताया कि २ युवक बजाज प्लेटिना मोटर सायकल पर आए तथा अस्पताल परिसर पहुंचे इसमें से एक युवक पिस्तौल से गोली चलाना शुरू किया दिया गोली के कुछ छर्रे डाक्टर के चेम्बर की कांच में लगे जिससे कांच में छेद हो गया संयोग यह रहा कि यह गोली अस्पताल में उपस्थित किसी को नहीं लगी। गोली की आवाज सुन कर पहले तो लोग कुछ समझ नहीं पाए पर जैसे ही मामला समझ आया तब अस्पताल में अफरा तफरी मच गई। इस बीच मोटर सायकिल पर आए हमलावर फरार हो गए। घटना की जानकारी मिलते ही काफी संख्या में लोग वस्तु स्थिति जानने अस्पताल पहुंच गए। घटना की जानकारी मिलने पर नगर पुलिस अधीक्षक व्ही डी पहोड़ तथा टीआई  एम आर नायक  पुलिस बल सहित अस्पताल पहुंचे तथा मुआयना किया। नायक ने आ एन एस को बताया कि इन अज्ञात हमलावरों को सघनता से तलाश की जा रही है। इधर डा. राजीव लोचन शर्मा ने कहा कि अचानक आए हमलावरों को वे पहचान नहीं पाए उन्होंने अस्पताल आकर क्यों गोली चलाई इसके बारे में कुछ कहा नहीं जा सकता । शर्मा ने बताया कि कुछ विध्न संतोषी  तत्व कुछ दिन पूर्व अस्पताल बंद करवा देने तथा देख लेने की धमकी भी दिए थे। दूसरी तरफ जानकारी भी मिल रही है कि संजीवनी अस्पताल में इलाज को लेकर अनेक मरीजों में असंतोष की स्थिति भी है।

०००

1 टिप्पणी: