बुधवार, 5 मई 2010

बस्ती में घुस गया नहर का पानी

दुर्ग, 05 मई। कैलाश नगर आलू गोदाम के पीछे का  क्षेत्र आज सुबह गंदे पानी से लबालब भर गया। जिससे घरों में पानी घुसने के खतरें की आशंका से क्षेत्र के लोगों में हड़कंप मच गया। क्षेत्र में गंदा पानी 3 फीट तक भर गया था। लिहाजा नागरिकों द्वारा पानी को घरों में घुसने से रोकने प्रयास भी शुरु कर दिये थे। बताया गया हैं क्षेत्र के पास ही नहर नाला स्थित हैं। क्षेत्र  के लोगों के नालियों का  पानी नहर नाला के बीच से होकर बस्ती से बाहर निकलता था। लेकिन हाल ही में नहर नाला की खुदाई  के दौरान नालियों के पानी का निकासी रास्ता बंद हो गया था। जिससे नालियों का पानी नहर नाला के पास जाम हो गया था। इधर आज कैलाश नगर तालाब में पानी भरने नहर नाला से पानी छोड़ा गया। नहर नाला का पानी बस्ती के नालियों के पानी  निकासी द्वार से बस्ती की ओर प्रभावित होना शुरु हो गया था। पहले से नहर नाले के पास नाले के पानी का जमाव और नहर नाला का पानी एक साथ बस्ती की ओर बहने लगा और कुछ देर बाद बस्ती लबालब भर गई। जिससे क्षेत्र के लोग सकते में आ गए।  सूचना पर निगम के अमले ने मौके पर पहुंचकर नहर नाला में पाइप लगाकर पानी को बस्ती से बाहर निकाला। अब क्षेत्र में स्थिति नियंत्रण पर हैं।

यह खबर शहर में आग की तरह फैली। जिससे क्षेत्र की पार्षद शबाना मंडावी मौके पर पहुंची। पार्षद ने घटना की जानकारी नगर निगम को दी। तत्पश्चात नगर निगम का अमला मौके पर पहुंचकर बस्ती की ओर जा रहे पानी को रोकने कार्य शुरु किया। खबर पर कांग्रेसियों का एक प्रतिनिधि मंडल भी नेता प्रतिपक्ष निर्मला साहू के साथ मौके पर पहुंचा और नागरिकों की समस्याओं से अवगत हुआ। कांग्रेसियों ने बस्ती में भरने वाले गंदे पानी के लिए निगम प्रशासन को जिम्मेदार ठहराया हैं। निर्मला साहू के साथ पार्षद अलताफ अहमद,सोनम नारायणी,संगीता सोनी, राजकुमार नारायणी व अन्य पार्षद मौजूद थे।

शहर कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष अरुण वोरा ने भी पानी भरने वाले क्षेत्र का जायजा लिया। श्री वोरा ने क्षेत्र के लोगों से मुलाकात कर समस्या के समाधान के लिए पहल का भरोसा दिलाया। श्री वोरा ने श्रमिक बस्ती में पानी भरने पर अपनी प्रतिक्रिया में कहा कि गरीब बस्तियों में व्यवस्था को लेकर निगम प्रशासन का ध्यान नहीं हैं। गंदे पानी के जमाव से संक्रमण बिमारी के फैलने का खतरा रहता हैं। लोगों को सुविधा मुहैय्या करवाने के लिए राशि की कोई कमी नहीं हैं। केन्द्र सरकार द्वारा शहरी विकास योजनांतर्गत प्रदेश के नगर निगमों को करोड़ों रुपए आबंटित कर रही हैं। इसका लाभ दुर्ग नगर निगम को भी मिला हैं। बावजूद नगर निगम जनसमस्याओं को नजरअंदाज कर रही हैं। जो असहनीय हैं। श्री वोरा ने कहा ऐसी घटनाओं के खिलाफ कांग्रेस बड़ा आंदोलन करें। छत्तीसगढ़ स्वाभिमान मंच के युवा नेता राजेन्द्र साहू ने भी मौके पर पहुंचकर घटना की जानकारी ली और निगम को इसके लिए दोषी ठहराया।

०००

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें